Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Rajasthan Election 2023: भाजपा की दूसरी लिस्ट जारी होने के बाद बढ़ा विरोध, पार्टी कार्यालय पर हुआ पथराव

    By Jagran NewsEdited By: Shalini Kumari
    Updated: Sun, 22 Oct 2023 05:20 PM (IST)

    राजस्थान भाजपा में शनिवार को 83 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी होने के बाद विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। 41 प्रत्याशियों की पहली सूची में 15 प्रत्याशि ...और पढ़ें

    भाजपा की दूसरी लिस्ट जारी होने के बाद तेज हुआ विरोध प्रदर्शन
    भाजपा की दूसरी लिस्ट जारी होने के बाद तेज हुआ विरोध प्रदर्शन

    HighLights

    1. भाजपा की दूसरी लिस्ट जारी होने के बाद तेज हुआ विरोध प्रदर्शन
    2. नाराज विधायक के समर्थकों ने प्रदेशाध्यक्ष के आवास पर पथराव किया
    3. राजसमंद में भाजपा कार्यालय पर पथराव

    जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान भाजपा में शनिवार को 83 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी होने के बाद विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। 41 प्रत्याशियों की पहली सूची में 15 प्रत्याशियों का पहले से ही विरोध हो रहा था। अब दूसरी सूची में आधा दर्जन प्रत्याशियों का विरोध हो रहा है। चित्तौड़गढ़ सीट से टिकट कटने से नाराज विधायक चंद्रभान सिंह ने रविवार को प्रदेशाध्यक्ष सी.पी.जोशी पर निशाना साधा है।

    शुरुआती दौर से जोशी और चंद्रभान में मनमुटाव

    चंद्रभान ने कहा कि जोशी पूर्व में कांग्रेस के अग्रिम संगठन भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ता थे और मैं भाजपा के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में था। तब से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा है। मैं भाजपा की पृष्ठभूमि से था एवं जोशी कांग्रेस की सोच से संबंध रखते थे।

    हालांकि, बाद में वे भाजपा में शामिल होकर प्रदेशाध्यक्ष बन गए। उन्होंने अपना टिकट कटने के लिए जोशी को जिम्मेदार ठहराया है। चंद्रभान समर्थकों ने चित्तौड़गढ़ में जोशी के आवास पर पथराव किया और पुतला भी जलाया। भाजपा ने चित्तौड़गढ़ से पूर्व उपराष्ट्रपति स्व.भैरोंसिंह शेखावत के दामाद नरपत सिंह राजवी को टिकट दिया है। राजवी वर्तमान में विधाधर नगर सीट से विधायक हैं, लेकिन यहां से उनका टिकट काटकर दीया कुमारी को दिया गया है।

    आधा दर्जन स्थानों पर विरोध

    राजसमंद में दीप्ति माहेश्वरी को टिकट दिए जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने रविवार को राजसमंद जिला भाजपा कार्यालय में तोड़-फोड़ की। उग्र कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में रखा फर्नीचर व कांच तोड़ दिए। दीप्ति को बाहरी बता रहे कार्यकर्ता दिनेश बडाला को टिकट दिए जाने के पक्ष में हैं।उदयपुर शहर सीट से ताराचंद जैन को टिकट दिए जाने से नाराज उप महापौर पारस सिंघवी ने असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कुछ समय पहले तक कटारिया उदयपुर से विधायक थे।

    खबरें और भी

    वैश्य समाज के लोगों ने किया प्रदर्शन

    राज्यपाल बनने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। सिंघवी का आरोप है कि कटारिया के कहने से उन्हे टिकट नहीं दिया गया। अलवर में संजय शर्मा को फिर से प्रत्याशी बनाए जाने नाराज वैश्य समाज के लोगों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। वैश्य समाज पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल को टिकट दिए जाने की मांग कर रहा था। बूंदी में अशोक डोगरा को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध हो रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने डोगरा का पुतला फूंका और मुर्दाबाद के नारे लगाए।

    यह भी पढ़ें: Rajasthan Election 2023: BJP ने जारी किए 124 उम्मीदवारों के नाम, दिग्गज नेता इन सीटों से भरेंगे हुंकार; पढ़ें पूरी लिस्ट

    नाराज लोगों से हो रही बातचीत

    सांगानेर में विधायक अशोक लाहोटी का टिकट काटकर भजन लाल को प्रत्याशी बनाया गया है। उधर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सी.पी.जोशी ने जयपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा में कोई एक व्यक्ति निर्णय नहीं करता है। सामूहिक निर्णय होते हैं। उन्होंने कहा, "नाराज लोगों से बातचीत की जा रही है।"

    कांग्रेस में भी विरोध

    कांग्रेस ने शनिवार को 33 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की । इस सूची में सवाई माधोपुर से दानिश अबरार और मालवीय नगर से अर्चना शर्मा को टिकट दिए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस में भाजपा के मुकाबले विरोध कम हैं।

    Rajasthan Elections 2023: बसपा ने राजस्थान में घोषित किए दस उम्मीदवारों के नाम, मायावती उतरेंगी चुनावी रण में