'गेम ऑफ थ्रोन्स' के पीटर डिंकलेज संग स्क्रीन शेयर करेंगे Adarsh Gourav, 'एलियन: अर्थ 2' को लेकर दिया बड़ा अपडेट
अभिनेता आदर्श गौरव (Adarsh Gourav) हॉलीवुड में भी धमाल मचा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपकमिंग सीरीज 'एलियन: अर्थ 2' के बारे में बड़ा अपडेट दिया है। ...और पढ़ें

आदर्श गौरव का हॉलीवुड में भी जलवा। फोटो क्रेडिट- एक्स

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
दीपेश पांडेय, मुंबई। साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म 'द व्हाइट टाइगर' (The White Tiger) से खूब सराहना बटोरने वाले अभिनेता आदर्श गौरव (Adarsh Gourav) ने आगे 'खो गए हम कहां', 'सुपरब्वॉयज ऑफ मालेगांव' और 'तू या मैं' जैसी फिल्में की। हिंदी फिल्मों के साथ-साथ हॉलीवुड सीरीज 'एलियन: अर्थ' (Alien: Earth) का भी हिस्सा रह चुके आदर्श बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं।
अभिनय के अलावा वह गायन और लेखन में भी दिलचस्पी रखते हैं। जियो हॉटस्टार (Jio Hotstar) पर हालिया प्रदर्शित डॉक्यूमेंट्री 'वाइसेस ऑफ द लैंड' से उन्होंने होस्टिंग (मेजबानी) में भी कदम रखा।
परिवार से मिली कला की विरासत
अभिनय के अलावा अन्य चीजों में भी अपनी दिलचस्पी को लेकर आदर्श बताते हैं, "मेरे पूरे परिवार में बहुत से प्रतिभाशाली लोग हैं, जो किसी न किसी कला में निपुण हैं। मेरी मम्मी फाइन आर्टिस्ट रही हैं, मेरे पिता जी को गाने का शौक है। मेरी दादी तेलुगु में कविताएं लिखती थी और गाती थी। मेरे परदादा आंध्र प्रदेश के एक छोटे से गांव में पिछली सदी की बीसवें दशक में नाटक करते थे। मेरे परिवार की हर पीढ़ी में कोई न कोई ऐसा पैदा हुआ है, जिस पर कला का बहुत ज्यादा प्रभाव रहा है।
मेरे मामले में यह हुआ कि मुझे मुंबई आने का मौका मिला और अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इसलिए मुझे लगता है कि मेरे साथ मेरे पूर्वजों और मेरे परिवार के सभी लोगों का आशीर्वाद मेरे साथ है।"
हॉलीवुड सीरीज को लेकर एक्साइटेड हैं आदर्श
आगे आदर्श वेब सीरीज 'एलियंस : अर्थ' के दूसरे सीजन को लेकर भी बहुत उत्साहित हैं। वह बताते हैं, "मैं दूसरे सीजन को लेकर बहुत उत्साहित हूं। हमारे शो की दुनिया का और विस्तार किया जा रहा है। 'गेम ऑफ थ्रोंस' वेब सीरीज में टिरियन लैनिस्टर की भूमिका अभिनेता पीटर डिंकलेज भी हमारे शो में शामिल हो रहे हैं। मैं उनके साथ काम करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। पहला सीजन थाइलैंड में शूट हुआ था। इस बार हमारा शो लंदन में शूट होगा।"
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- शनाया कपूर की फिल्म Tu Ya Mai देखकर बढ़ गया करण जौहर का BP, बोले- मुझे एक्स्ट्रा मेडिसिन लेनी पड़ी
इस सीरीज का कर रहे इंतजार
साल 2023 में प्रदर्शित वेब सीरीज 'गंस एंड गुलाब' में भी आदर्श का काम काफी सराहा गया था। उसके अगले सीजन को लेकर आदर्श कहते हैं, "इसके बारे में मुझे कुछ भी पता नहीं है। मैं स्वयं भी चाहता हूं कि दूसरा सीजन बने। मुझे शो में गांची जूनियर की भूमिका निभाने में बहुत मजा आया था। मैं स्वयं उत्सुक हूं कि राज एंड डीके (निर्देशक जोड़ी राज निदिमोरू और कृष्णा डीके) अगले सीजन की कहानी कब लिखेंगे? अभी तो वह 'फर्जी 2' की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं।"
संघर्ष से नहीं डरते एक्टर
'खो गए हम कहां', 'सुपरब्वॉयज ऑफ मालेगांव' और 'तू या मैं' फिल्मों के बाद फिल्म इंडस्ट्री में अपने मनमुताबिक मिल रहे मौकों पर आदर्श कहते हैं, "संघर्ष तो हमेशा जारी रहता है, क्योंकि किसी भी फिल्म को बना पाना आसान नहीं होता है। कई बार ऐसा होता है कि हमारे पास कोई अच्छी कहानी आती है लेकिन वह अलग-अलग कारणों से नहीं बन पाती है।
ऐसा संघर्ष सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, नवोदित और स्थापित, हर कलाकार के लिए चलता रहता है। जिस किस्म की कहानियों में मैं विश्वास रखता हूं। जिस किस्म के फिल्मकारों के साथ काम करना चाहता हूं, जब तक मुझे वो मौके मिलते रहते हैं, तब तक मेरे सामने कोई भी परेशानी आ जाए, मुझे कोई शिकायत नहीं होगी।"