Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Khel Khel Mein: जिस इटैलियन मूवी का रीमेक है अक्षय कुमार की फिल्म, उसके नाम दर्ज है अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड

    Updated: Thu, 15 Aug 2024 08:54 PM (IST)

    बॉलीवुड ही नहीं दुनियाभर की सिनेमा इंडस्ट्री में दूसरी भाषाओं की फिल्मों को रीमेक करने का रिवाज रहा है। कई बार आधिकारिक रीमेक ना बनाकर बेसिक आइडिया पर ...और पढ़ें

    खेल खेल में रिलीज हो गई है। फोटो- इंस्टाग्राम
    खेल खेल में रिलीज हो गई है। फोटो- इंस्टाग्राम

    HighLights

    1. खेल खेल में एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है
    2. अक्षय कुमार ने फिल्म से कॉमेडी में वापसी की है
    3. तापसी पन्नू और वाणी कपूर फीमेल लीड हैं

    एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। अक्षय कुमार की फिल्म 'खेल खेल में' स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया है। अक्षय के साथ फरदीन खान, एमी विर्क, आदित्य सील, वाणी कपूर, तापसी पन्नू और प्रज्ञा जायसवाल लीड रोल्स में हैं।

    खेल खेल में एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है। इस मूवी से जुड़ी एक ऐसी जानकारी हम आपको देने जा रहे हैं, जो बेहद दिलचस्प है। 'खेल खेल में' ओरिजिनल फिल्म नहीं है, बल्कि इटैलियन फिल्म 'परफेती स्कोनोशुति' (Perfetti Sconosciuti) का आधिकारिक रीमेक है, जिसे अंग्रेजी में 'परफेक्ट स्ट्रेंजर्स' (Perfect Strangers) शीर्षक दिया गया है।

    सबसे ज्यादा रीमेक का रिकॉर्ड

    2016 में रिलीज हुई इटैलियन फिल्म Perfetti Sconosciuti दुनियाभर में इतनी लोकप्रिय हुई थी कि कई देशों में इसके रीमेक बने और इसके नाम सबसे ज्यादा रीमेक की जाने वाली फिल्म का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

    'खेल खेल में' इस फिल्म का 28वां रीमेक है, जबकि आधिकारिक तौर पर जनवरी 2024 तक इसे विभिन्न भाषाओं में 24 बार रीमेक किया जा चुका है। दिलचस्प बात यह है कि अक्षय की फिल्म से पहले भारत में मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में इसकी कहानी से प्रेरित फिल्में बन चुकी हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें: दो बार पहले भी बन चुकी है Khel Khel Mein, फर्स्ट वाली का रीमेक थी अक्षय कुमार की 'खिलाड़ी'?

    कहां-कहां बने रीमेक?

    परफेक्ट स्ट्रेंजर्स फरवरी 2016 में रिलीज हुई थी और इसका पहला रीमेक ग्रीस में दिसम्बर के महीने में रिलीज हुआ था। इसके बाद स्पेन, टर्की, फ्रांस, कोरिया, चीन, मैक्सिको, हंगरी, जर्मनी, रूस, जापान, इजरायल, नॉर्वे समेत कई देशों में फिल्म रीमेक हुई।

    भारत में सबसे पहले कन्नड़ सिनेमा ने इस फिल्म से प्रेरणा लेते हुए 'लाउडस्पीकर' बनाई, जो 2018 में आई थी। इसके बाद 2022 में आई मलयालम फिल्म '12th मैन' भी परफेक्ट स्ट्रेंजर्स से प्रेरित थी। 2022 में ही आई एक और मलयालम फिल्म '1001 नूनाकल' भी इसी कहानी पर बनी थी।

    क्या है परफेक्ट स्ट्रेंजर्स का प्लॉट?

    ज्यादातर फिल्मों में इटैलियन फिल्म के बेसिक प्लॉट से प्रेरणा लेकर अपने तरीके से कहानी दिखाई गई है। फिल्म का प्लॉट कुछ दोस्तों के रीयूनियन पर आधारित है, जो सालों बाद किसी अवसर पर मिलते हैं और एक गेम खेलते हैं कि सभी के मोबाइल फोन अनलॉक रहेंगे, जो भी कॉल या मैसेज आएगा, वो सबके सामने पढ़ा या सुना जाएगा।

    इस क्रम में सभी के असहज करने वाले राज खुलते हैं, जिनका असर रिश्तों पर पड़ता है। मूल इटैलियन फिल्म का निर्देशन पाओलो जेनोविस ने किया था। कहानी भी उन्हीं की थी।

    यह भी पढ़ें: 5 साल के वनवास के बाद कॉमेडी में लौटेंगे Akshay Kumar, क्या हटेगा Flop हीरो का ठप्पा?

    ओटीटी पर कहां देखें?

    अगर आप 'परफेक्ट स्ट्रेंजर्स' ओटीटी पर देखना चाहते हैं तो प्राइम वीडियो पर यह फिल्म उपलब्ध है। 92 मिनट अवधि की फिल्म की रेटिंग ए है। यह इटैलियन भाषा में ही उपलब्ध है, हालांकि अंग्रेजी सबटाइटल मुश्किल कम कर देंगे। किसी और भाषा में फिल्म उपलब्ध ना होने की वजह इसके रीमेक की डिमांड भी हो सकती है।