'Ammy Virk पर नहीं हुई फायरिंग', पिता के बयान से आया ट्विस्ट; बताया- कौन था निशाना?
एमी विर्क के काफिले पर 7 बार दागी गई गोलियों की खबर पर अब उनके पिता कुलजीत की प्रतिक्रिया सामने आई है।

एमी विर्क के पिता ने फायरिंग की खबरों पर दिया बयान/ Photo- Instagram
HighLights
एमी विर्क के पिता ने गोलीबारी की खबरों को खारिज किया
पिता का दावा हमलावरों का निशाना एमी विर्क नहीं थे
क्या गोली चलने के वक्त गाड़ी में मौजूद थे एमी?
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। बीते दिन जब यह खबर सामने आई थी कि ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड में एक कॉन्सर्ट से देर रात बाहर आते हुए एमी विर्क के काफिले पर कनाडा में गोलीबारी हुई, तो एक्टर के फैंस काफी घबरा गए थे। हालांकि, अब इस मामले पर एमी विर्क के पिता का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि वह गोली उनके बेटे पर नहीं, बल्कि किसी और को निशाना बनाकर चलाई गई थी।
एमी विर्क नहीं ये थे गोलीबारी करने वालों का निशाना
एनडीटीवी वर्ल्ड की रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने सभी खबरों को खारिज करते हुए बताया कि उनका परिवार पूरी तरह से सुरक्षित है। एक्टर के पिता ने ये भी साफ लफ्जों में कहा कि उनके बेटे पर गोली नहीं चलाई गई थी। उनका दावा है कि गोलीबारी शो के ऑर्गेनाइजर के काफिले को निशाना बनाकर चलाई गई थी।

एमी विर्क के काफिले पर चली गोलीबारी का क्या है मामला?
दरअसल, एमी विर्क ने 5 सितंबर को एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स में परफॉर्म किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब वह देर रात कॉन्सर्ट खत्म करके लौट रहे थे, उसी दौरान गोलीबारी हुई। एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने एक्स पोस्ट में बताया, "दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने उन पर गोली चलाई। शुरूआती जानकारी में यह पता चला है कि एक गहरे हरे रंग की एसयूवी में मौजूद लोगों ने पीड़ित की गाड़ी पर लगातार फायरिंग की। हालांकि, इस फायरिंग में किसी के जख्मी होने की खबर सामने नहीं आई है।
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, "गोलीबारी के तुरंत बाद, AbbyPD के अधिकारियों को सनीसाइड प्लेस के 2400 ब्लॉक में आग लगने की सूचना मिली। जब ऑफिसर लोकेशन पर पहुंचे तो उन्होंने वहां पर एक एसयूवी में आग लगी देखी। AbbyPD की मेजर क्राइम यूनिट ने केस संभाला। वह इस जांच में जुटे हुए हैं कि इस आग और गाड़ी पर चली गोलीबारी के बीच कहीं कोई कनेक्शन तो नहीं है।

मीडिया का दावा-कार में मौजूद थे विर्क
पुलिस अधिकारियों ने अभी तक ये कन्फर्म नहीं किया कि जिस गाड़ी पर गोली चली वह किसकी थी। हालांकि, वहां के लोकल मीडिया के दावों के मुताबिक जिस पर गोली चली वह कार विर्क के काफिले की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि जिस पर गोलीबारी हुई वह कार बुलेटप्रूफ थी और प्रमोटर और एमी विर्क उसमें मौजूद थे।
