Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    39 साल पहले आई 'रामायण' से कितनी अलग है 4000 करोड़ की Ramayana, कहानी से लेकर किरदार तक; वो सबकुछ जो TV पर नहीं दिखा!

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 05:31 PM (IST)

    रणबीर कपूर की 'रामायण' (Ramayana) का मोस्ट अवेटेड ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसने एक चर्चा पैदा कर दी है कि क्या यह फिल्म 39 साल पहले आई रामानंद सागर की ...और पढ़ें

    4000 करोड़ की 'रामायण' में क्या है अलग?

    4000 करोड़ की 'रामायण' में क्या है अलग?

    HighLights

    1. 4000 करोड़ की 'रामायण' में क्या है अलग?

    2. किरदार से लेकर कहानी तक में क्या है अंतर?

    3. क्या बन पाएगी 39 साल पहले आई 'रामायण' से बेहतर?

    एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। जब कोरोना में रामानंद सागर के मोस्ट पॉपुलर सीरियल 'रामायण' को फिर से टेलीकास्ट किया गया तो इसने टीआरपी के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। जिससे फिर यह साबित हुआ कि 39 साल पहले बनी 'रामायण' ने एक ऐसा स्टैंडर्ड सेट किया है जिसके किरदार से लेकर कहानी तक लोगों के जेहन में बस गए हैं।

    'रामायण' ने किया है बेंचमार्क सेट

    अगर आज भी रामायण (Ramayan) की बात की जाती है तो राम के रूप में अरुण गोविल और सीता के रूप में दीपिका चिखलिया का चेहरा ही सामने आता है। लेकिन अब लगभग 4 दशक बाद बॉलीवुड ने इस कहानी को फिर से बनाने की कोशिश की है और वो भी 4000 करोड़ के बिग बजट और एक बड़ी स्टार कास्ट के साथ।

    यह भी पढ़ें- Jaideep Ahlawat ने क्यों ठुकराई 4000 करोड़ की रामायण? रणबीर कपूर की फिल्म में ऑफर हुआ था बड़ा किरदार

    नमित मल्होत्रा की रामायण (Ramayana) अब साल की मोस्ट अवेटेड फिल्म बन गई है। खासकर जब से इसका ट्रेलर रिलीज हुआ है दर्शकों में एक अलग तरह की एक्साइटमेंट देखी जा रही है। क्योंकि ट्रेलर में कई ऐसे किरदार और घटनाओं की झलक देखने को मिली जो रामानंद सागर की रामायण में भी देखने को नहीं मिली थी।

    आइए देखते हैं नमित मल्होत्रा की रामायण, रामानंद सागर (Ramanand Sagar) की रामायण से कितनी अलग होगी? कौन से नए किरदार इसमें दिखाए जाएंगे जो उसमें नहीं दिखाए गए? इसकी कहानी पहले आई बाकी रामायण से कितनी अलग होगी, खासकर रामानंद सागर के सीरियल से।

    खबरें और भी

    क्या अरुण गोविल की 'राम' की छवि को तोड़ पाएंगे रणबीर कपूर?

    अगर रामायण में सबसे ज्यादा किसी किरदार से उम्मीद की जा रही है तो वो है रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) का किरदार, जो फिल्म में श्री राम का किरदार निभाने जा रहे हैं। 39 साल पहले अरुण गोविल ने राम के किरदार को पर्दे पर जीवंत कर दिया था और आज भी लोगों के जेहन में राम का नाम लेते ही वह छवि उभर आती है। अब बड़ा सवाल ये है कि क्या रणबीर कपूर उसी तरह का जादू कर पाते हैं या नहीं?

    ramayana (33)

    हालांकि सिर्फ ट्रेलर देखकर यह अंदाजा लगाना या पहले से कोई राय बनाना पूरी तरह उचित नहीं है क्योंकि सालों से रणबीर कपूर ने कई फिल्मों में बेहतरीन परफॉर्मेंस देकर खुद को साबित किया है। लेकिन इतनी बड़ी फिल्म और स्टारकास्ट होने के नाते दर्शक यह सवाल जरूर पूछेंगे। 

    ramayana (37)

    4 दशक बाद सीता की कहानी कितनी बदली?

    दीपिका चिखलिया (Dipika Chikhlia) की सीता के रूप में सादगी ने दर्शकों के दिलों में एक अलग जगह बनाई है लेकिन रामानंद सागर और नमित मल्होत्रा की रामायण में सबसे बड़ा फर्क ये है कि सीता जी के किरदार को सिर्फ राम की पत्नी, जनकसुता या गृहिणी के तौर पर नहीं बल्कि एक वॉरियर के तौर पर भी दिखाया जाएगा।

    ramayana (34)

    जहां एक और ट्रेलर में साई पल्लवी (Sai Pallavi) के किरदार को राम के साथ वनवास जाते हुए और अपने पत्नी धर्म का पालन करते हुए दिखाया गया है। वहीं दूसरी ओर एक योद्धा के रूप में भी उनकी झलक देखने को मिली है जो रामानंद सागर की रामायण में हमें देखने को नहीं मिला था।

    लक्ष्मण का किरदार- सुनील लाहिरी वर्सेज रवि दुबे

    सुनील लाहिरी ने लक्ष्मण का किरदार बखूबी निभाया था। हर परिस्थिति में अपने बड़े भाई का साथ देना, मां स्वरुप भाभी सीता की रक्षा करना और एक कुशल योद्धा। वही किरदार अब दशकों बाद रवि दुबे को सौंपा गया है। फिलहाल ट्रेलर में उनके डायलॉग कम हैं लेकिन उनकी मौजूदगी भी काफी कुछ कहती है, वहीं उनका लुक लक्ष्मण के किरदार से न्याय करता है।

    ramayana (42)

    रावण है फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज

    अगर कहानी की तुलना करें तो रामानंद सागर की रामायण या अब तक बनी रामायण में हमने रावण को सोने की लंका में ही देखा है। लेकिन वह लंका का राजा कैसे बना? वह तीनों लोकों का स्वामी कैसे बना? और कैसे वह इतना शक्तिशाली और विद्वान बना? नमित मल्होत्रा की रामायण इन सब सवालों के जवाब देगी।

    Ranbir (14)

    वहीं अब तक सामने आए रामायण के पोस्टर, टीजर और ट्रेलर में एक यश (Yash) ही हैं जिन्होंने अपनी परफॉर्मेंस से अभी से दर्शकों को इंप्रेस कर लिया है। रावण के रूप में उनका गुस्सा, एक्सप्रेशन, अपीयरेंस, यहां तक की सिर्फ आखों के शॉट भी यश के बेहतरीन परफॉर्मर होने का सबूत दे रहे हैं। 

    ramayana (38)

    हनुमान के रूप में दारा सिंह वर्सेज सनी देओल

    रामायण के ट्रेलर में फिलहाल बड़े किरदारों में एक हनुमान जी ही हैं जिनके किरदार को नहीं दिखाया गया है। इस फिल्म में सनी देओल (Sunny Deol) ने हनुमान का किरदार निभाया है। वहीं रामानंद सागर की रामायण में अभिनेता दारा सिंह ने हनुमान जी के किरदार को जीवंत किया था।

    फिलहाल इस किरदार को लेकर कुछ भी अंदाजा लगाना संभव नहीं है क्योंकि अब तक कोई झलक देखने को नहीं मिली है। लेकिन हो सकता है कि यह कोई मेकर्स की स्ट्रैटजी हो और हनुमान जी फिल्म के लिए एक बड़ा सरप्राइज निकले।

    Ranbir (13)

    सबसे ज्यादा इस किरदार की चर्चा

    नमित मल्होत्रा की रामायण में अब तक सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला कैरेक्टर है- शूर्पणखा के रूप में रकुल प्रीत सिंह (Rakul Preet Singh)। क्योंकि रामानंद सागर की रामायण के अनुरूप और कथित कहानी के अनुसार रावण की बहन शूर्पणखा काफी बदसूरत थी लेकिन फिल्म में रकुल प्रीत सिंह के रूप में खूबसूरत शूर्पणखा चर्चा का विषय बन गई है।

    ramayana (40)

    इसके अलावा शूर्पणखा की कहानी अब तक बस राम की ओर मोहित होना, फिर लक्ष्मण द्वारा उसकी नाक काटी जाना और आगे रावण द्वारा अपने बहन के अपमान का प्रतिशोध लेना तक ही दिखाई गई है। लेकिन नमित मल्होत्रा की रामायण में शूर्पणखा की शादीशुदा जिंदगी भी देखने को मिलेगी। यानी उसके पति विद्युतजिह्व के किरदार को भी दिखाया जाएगा। फिल्म में इस किरदार को विवेक ओबेरॉय निभा रहे हैं।

    दशरथ के रूप में अरूण गोविल

    दशकों से राम के रूप में दर्शकों के दिलों में बसे हुए अरुण गोविल (Arun Govil) फिल्म में राजा दशरथ के किरदार में नजर आने वाले हैं। ट्रेलर में उनके किरदार को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि वे इस किरदार के साथ अपनी राम की छवि को तोड़ पाते हैं या नहीं।

    ramayana (36)

    इन किरदारों ने एक झलक से लूटी लाइमलाइट

    ट्रेलर में कुछ किरदारों की एक ही झलक देखने को मिली लेकिन इन किरदारों ने उसमें ही सुर्खियां बटोर ली। मंथरा के रूप में शीबा चड्ढा, भरत के रूप में आदिनाथ कोठारे, विद्युतजिह्व के रूप में विवेक ओबेरॉय और मारिच के रूप में सौरभ सचदेवा।

    ramayana (47)

    रामानंद सागर 'रामायण' वर्सेज नमित मल्होत्रा 'रामायण'

    रामानंद सागर की रामायण और नमित मल्होत्रा की रामायण में कुछ ऐसे बड़े अंतर हैं जो दोनों को अलग बनाते हैं। कुछ किरदारों के पीछे की कहानी फिर चाहे वह रावण के लंकापति बनने की हो या शूर्पणखा की निजी जिंदगी हो- सुनने में काफी दिलचस्प लगती है।

    दूसरी ओर फिल्म में हर एक कैरेक्टर के लिए एक खास अभिनेता चुना गया है। लीड किरदारों के साथ-साथ सपोर्टिंग कास्ट भी सोच-समझकर चुनी गई है। कहानी वही है लेकिन किरदारों के पीछे की कहानी भी इस रामायण में एक नया मोड़ लेकर आ रही है।

    ramayan (14)

    जब 1987 में रामानंद सागर ने रामायण बनाई थी तब इतने संसाधन और बिग बजट नहीं हुआ करता था। यहां तक कि कई सीन तो उन्होंने जुगाड़ से फिल्माए थे। लेकिन नमित मल्होत्रा की रामायण 4000 करोड़ के बजट के साथ बनाई जा रही है वो भी ऑस्कर विनर्स और वर्ल्ड सिनेमा के बेहतरीन फिल्ममेकर्स के साथ। कास्टिंग, वीएफएक्स से लेकर प्रमोशन तक सब पर मोटा पैसा खर्च किया गया है।

    Ranbir (9)

    क्या चल पाएगा रामानंद सागर वाला जादू?

    बिग बजट, बड़ी कास्टिंग और वर्ल्ड लेवल का वीएफएक्स ये सब अपनी जगह ठीक है लेकिन छोटे बजट, जुगाड़ वाले स्पेशल इफेक्ट्स से बनी रामायण की सबसे बड़ी खूबी थी उसकी सादगी और दर्शकों से सीधा जुड़ाव। भगवान राम के रुप में अरुण गोविल की विवेकभरी मुस्कान, सीता के रूप में दीपिका चिखलिया के चेहरे पर दमकती सादगी, रावण के रुप में अरविंद त्रिवेदी का साफ छलकता दंभ और दारा सिंह का हनुमान जी के रूप में मस्तीभरा अंदाज सीधा लोगों के दिल में उतरा था जो आज भी जीवंत है।

    Ranbir (12)

    अब सवाल यही है कि क्या ये रामायण बिग स्क्रीन पर वो जादू चला पाएगी जो 39 साल पहले रामानंद सागर ने TV पर चलाया था? खैर इस सवाल का जवाब तो दीवाली 2026 पर सिनेमाघरों में ही मिलेगा, जब बड़ी उम्मीद के साथ दर्शक फिर से अपनी पौराणिक कहानी को बड़े पर्दे पर देखने जाएंगे।

    यह भी पढ़ें- Ramayana की रिलीज से पहले दर्शकों को मिलेगा बड़ा सरप्राइज, रामानंद सागर की टीवी सीरीज पर आ रही डॉक्यूमेंट्री