51 साल पहले भी हुआ था चमत्कार, Hanuman Ansh की तरह सफल बनी थी पुरानी धार्मिक फिल्म; शोले भी रही थी पीछे
लेटेस्ट फिल्म हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में 51 साल पुराना इतिहास दोहराया है।

51 साल पहले आई थी फिल्म (फोटो क्रेडिट- फेसबुक)
HighLights
1975 में आई थी कल्ट क्लासिक फिल्म
कमाई में फिल्म शोले से भी रही थी आगे
हनुमान अंश की तरह छोड़ी थी छाप
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। मौजूदा समय में सिनेमा जगत में फिल्म हनुमान अंश (Hanuman Ansh) की अपार सफलता की चर्चा जोरों पर है। जिस तरह से कमाई के मामले में नीम करोली बाबा की इस बायोपिक ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल किया है, उसे किसी चमत्कार से कम नहीं आंका जा रहा है।
लेकिन ये पहला मौका नहीं है, जब किसी धार्मिक फिल्म को इस तरह की कामयाबी मिली है। 51 साल पहले आई एक मूवी ने भी हनुमान अंश की तरह सफलता का डंका बजाया था और वह कमाई में शोले (Sholay) फिल्म पर भी भारी पड़ी थी। आइए जानते हैं वह कौन सी मूवी थी।
51 साल पहले भी हुआ था चमत्कार
जिस फिल्म के बारे में इस लेख में बात की जा रही है। उसका नाम जय संतोषी मां (Jai Santoshi Maa) था, जिसे 1975 में सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। उस काल्पनिक धार्मिक फिल्म का निर्देशन विजय वर्मा ने किया था और इसमें लीड रोल में भरत भूषण, अनिता गुहा, आशीष कुमार और कानन कौशल जैसे कलाकार नजर आए थे।
यह भी पढ़ें- 51 साल पहले Sholay का कल्ट गाना गाते-गाते रह गए थे Kishore Kumar, पंचम दा की आवाज में हुआ कालजयी
-1788435659328.webp)
जिस तरह से रिलीज के दो सप्ताह के बाद हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक वापसी की है, ठीक उसी तरह जय संतोषी मां ने भी कमाल करके दिखाया था। बताया जाता है कि 51 साल पहले जय संतोषी मां को भी शुरुआती हफ्तों तक सिनेमाघरों में दर्शक नहीं मिले थे।

लेकिन इसका बाद कुछ ऐसा हुआ, जो किसी चमत्कार से कम नहीं रहा और जय संतोषी मां साल 1975 की सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाली पहली फिल्म बनी थी। मुनाफे के मामले में भी जय संतोषी मां ने अपनी गहरी छाप छोड़ी थी और महज 25 लाख के बजट में बनने वाली इस पौराणिक कहानी वाली मूवी बॉक्स ऑफिस पर 5 करोड़ से अधिक का कारोबार किया था।

इस तरह से जय संतोषी मां ने 1650% का प्रॉफिट कमाकर हिंदी सिनेमा का इतिहास बदल दिया था। इसी तरह का इतिहास फिलहाल निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की लेटेस्ट फिल्म हनुमान अंश ने भी दोहराया है।
हनुमान अंश ने दोहराया इतिहास
जय संतोषी मां की तरह हनुमान अंश भी कामयाबी की राह पर चल पड़ी है। रिलीज के 27 दिन में ये मूवी 61 करोड़ से अधिक का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर चुकी है, जबकि मूवी का बजट महज 2 करोड़ है। इस तरह से लागत के आधार पर हनुमान अंश भी अभी तक 2000% से अधिक का प्रॉफिट कमाने में सफल रही है।
