'कभी खुशी कभी गम' का सीक्वल ला रहे हैं करण जौहर? निर्देशक बोले- 'हर फिल्म की अपनी खामियां....'
लंबे समय से करण जौहर की फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के सीक्वल की खबर सामने आ रही थी, लेकिन अब निर्देशक ने इन अफवाहों पर सफाई देते हुए फुलस्टॉप लगा दिया है ...और पढ़ें

कभी खुशी कभी गम के सीक्वल पर करण जौहर ने तोड़ी चुप्पी/ फोटो- Instagram

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। करण जौहर अपनी सफल फिल्मों 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' और 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' ) जैसी फिल्मों का सीक्वल ला चुके हैं। इसके अलावा वह जल्द ही प्रियंका चोपड़ा की सुपरहिट फिल्म 'दोस्ताना' के सीक्वल पर भी काम शुरू करने वाले हैं।
हालांकि, इसी बीच पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हो रही थी कि वह अपनी कल्ट फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' (K3G) का सीक्वल लाने की प्लानिंग भी कर रहे हैं। अब इन खबरों पर खुद निर्देशक और निर्माता करण जौहर ने रिएक्ट करते हुए यह कन्फर्म कर दिया है कि वह शाहरुख खान और काजोल की इस सुपरहिट फिल्म का सीक्वल लेकर आ रहे हैं या नहीं।
'कभी खुशी कभी गम' के सीक्वल पर बोले करण जौहर
साल 2001 में रिलीज हुई करण जौहर की आइकॉनिक फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' में शाहरुख खान और काजोल के अलावा अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, ऋतिक रोशन, करीना कपूर और रानी मुखर्जी जैसे सितारों ने भी अहम भूमिका निभाई थी। इस फिल्म से 90 और 2000 के दशक के बच्चों की कई सुनहरी यादें जुड़ी हुई हैं। हाल ही में इस फिल्म के सीक्वल पर 'हिंदुस्तान टाइम्स' से बातचीत के दौरान करण जौहर ने कहा,
"मैं शुक्रगुजार हूं कि मुझे यह प्लेटफॉर्म मिला है। मैं यह क्लियर करना चाहता हूं कि 'कभी खुशी कभी गम' का सीक्वल नहीं बन रहा है और न ही 'तख्त' को लेकर अभी कोई चीज आगे बढ़ी है। मैं 'कभी खुशी कभी गम' का सीक्वल नहीं बनाऊंगा... कभी भी नहीं। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि यह मेरे द्वारा बनाई गई सबसे बेस्ट फिल्म है। हर फिल्म की अपनी खामियां होती हैं, लेकिन 'कभी खुशी कभी गम' के साथ ढेर सारी अच्छी कहानियां जुड़ी हुई हैं। इस फिल्म को देखते हुए कई पीढ़ियां बड़ी हुई हैं। उन्हें क्या पसंद आया, क्या नहीं, वे रोए या नहीं, मुझे पता नहीं, लेकिन वे अभी भी इस फिल्म को उतना ही प्यार करते हैं।"
यह भी पढ़ें- 200 डांसर, 300 जूनियर आर्टिस्ट और 3 करोड़ का बजट... एक ही गाने में खर्च हुआ फिल्म का पैसा, ब्लॉकबस्टर था Song
'मैं पुरानी यादों से छेड़छाड़ नहीं करूंगा'- करण जौहर
करण जौहर ने बातचीत को आगे बढ़ाते हुए कहा, "मैं यूनिवर्स का बहुत आभारी (Grateful) हूं कि मैंने एक ऐसी फिल्म बनाई, जो आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है... मैं इस चीज से बहुत खुश हूं। मैं कभी भी उस प्यार और उन पुरानी यादों से छेड़छाड़ नहीं करूंगा, क्योंकि अगर मैंने ऐसा किया, तो मैं 'कभी खुशी कभी गम' के सीक्वल के नाम पर खुद को मुसीबत में डाल लूंगा।"
खबरें और भी
करण जौहर ने 'कभी खुशी कभी गम' के सीक्वल पर तो सफाई दी ही, साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मल्टीस्टारर फिल्म 'तख्त' (Takht) अभी नहीं बन रही है, लेकिन वह इस प्रोजेक्ट को लेकर पूरी तरह से कमिटेड हैं।