विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Wamiqa Gabbi: किस भूल को कभी माफ नहीं कर सकतीं वामिका गब्‍बी, काम पाने के लिए मिली कौन-सी सलाह?

Published: Mon, 05 May 2025 03:26 PM (IST)

अभिनेत्री वामिका गब्बी का इस साल को शेड्यूल बहुत बिजी है। इस साल उनकी भूल चूक माफ भूत बंगला और ...और पढ़ें

वामिका गब्बी के साथ दैनिक जागरण की खास बातचीत
वामिका गब्बी के साथ दैनिक जागरण की खास बातचीत

प्रियंका सिंह, मुंबई। अभिनेत्री वामिका गब्बी के लिए यह साल खासा व्यस्त रहने वाला है। उनकी अभिनीत कॉमेडी फिल्म 'भूल चूक माफ' 9 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके बाद अक्षय कुमार के साथ 'भूत बंगला' और तेलुगु फिल्म 'जी 2' (गुडाचारी 2 ) भी रिलीज होंगी। पेश है वामिका गब्बी के साथ दैनिक जागरण की खास बातचीत ...

सवाल: आपने मुख्य भूमिकाएं पाने का मुकाम लंबे सफर के बाद हासिल किया है। इसके बारे में बताएं?

जवाब- हां, पर शुरू में मैं भी यही सोचती थी कि काश एक ही छलांग में स्टार बन जाऊं। कई बार लगता था कि काश मेरा जन्म किसी बड़े सितारे के घर हुआ होता।

इंडस्ट्री में आने का कोई शॉर्टकट रास्ता होता। बाद में समझ आया कि अच्छा हुआ एक छलांग में नहीं पहुंची। अब मैं अपने सफर में कुछ नहीं बदलना चाहती हूं। सफर धीमा और खूबसूरत रहा है।

सवाल: किसी की सबसे बुरी सलाह याद है?

जवाब- यही सलाह मिली थी कि यहां काम पाने के लिए लोगों से मिलना होगा, पार्टी में जाना होगा। जब मैं चंडीगढ़ में भी रहती थी, तब भी वैसी नहीं थी कि हर शनिवार क्लब जाकर पार्टी करूं, जबकि मेरे दोस्त जाते थे। उसमें कुछ गलत नहीं था, लेकिन मुझे अच्छा नहीं लगता था । मैं इसे बुरी सलाह तो नहीं कह सकती हूं, लेकिन वह मेरे काम नहीं आई।

सवाल: 'भूल चूक माफ' का ऑफर आपको कैसे मिला?

जवाब- सच कहूं तो मुझे भी नहीं पता। अपने क्राफ्ट को लेकर समझ तीन चार साल पहले ही मुझमें आई है। उससे पहले मैं सिर्फ सतही तौर पर अभिनय कर रही थी, क्योंकि मैंने अभिनय सीखा नहीं है। बस आत्मविश्वास था कि कर लूंगी, क्योंकि कुछ नाटक किए थे।

सवाल: आपके पसंदीदा कलाकार?

जवाब- कंगना रनौत, राजकुमार राव और इरफान । मैं चाहती हूं कि एक दिन उनकी तरह परफॉर्म कर पाऊं। मैं बुरी कलाकार नहीं हूं, लेकिन जैसे इन कलाकारों ने अपने काम से मेरे होश उड़ा दिए, वैसा मैं भी करना चाहती हूं। फिलहाल सीखने की प्रक्रिया में हूं।

सवाल: आप किस चीज के लिए माफी नहीं दे सकती हैं?

जवाब-  हिंसा। अगर वह किसी ने की तो मैं उसे कभी माफ नहीं करूंगी। कोई भी किसी को मार नहीं सकता है। उसके अलावा मैं आसानी से माफ कर देती हूं। एक समय था, जब मैं खुद के साथ बहुत कठोर थी। अब मैं न खुद के साथ कठोर हूं, न दूसरों के साथ।

सवाल: भूत बंगला में निर्देशक प्रियदर्शन के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?

जवाब- मैंने प्रियदर्शन सर की 10-12 हिंदी फिल्में देखी थी। एक दिन मैंने अपने मैनेजर से कहा कि प्रियदर्शन सर अगर कोई फिल्म बना रहे हैं तो मुझे उसमें काम करना है।

उन्होंने कहा कि वह एक फिल्म बनाने की तैयारी में हैं। कुछ महीने बाद प्रियदर्शन सर की टीम से ही मुझे फोन आ गया कि आपसे मिलना है। मैं तो बहुत खुश हो गई थी।

यह भी पढ़ें - 'आप किस्मत वाले हैं...' पाकिस्तानी आर्मी से नाखुश नागरिक? पड़ोसी मुल्क के लड़कों से मिले Adnan Sami का खुलासा

सवाल : आपके नाम वामिका पर प्रेमिका हैशटैग काफी चलता है। आप के लिए प्यार क्या है?

जवाब- इस हैशटैग से पता चलता है कि आपको कितना प्यार मिल रहा है। कई लोग मुझे प्रेमिका के नाम से बुलाते हैं।

कई बार समझ नहीं आता है कि मैंने ऐसा क्या कर दिया है, जो लोग मुझ पर इतना प्यार बरसाते हैं। जहां तक प्यार की बात है, तो वह हर किसी के भीतर होता है। प्यार का मतलब सिर्फ अच्छी बातें करना नहीं है। डांट फटकार में भी प्यार झलकता है।

यह भी पढ़ें - साढ़े 3 मिनट का डायलॉग Kamal Haasan के लिए बन गया था टेढ़ी खीर, डायरेक्टर ने ऐसे लगाया था जुगाड़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।