Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Citadel Review: लुभाता है प्रियंका चोपड़ा जोनस का 'कातिलाना' अंदाज, दो एपिसोड्स में कहानी पर भारी एक्शन

    By Manoj VashisthEdited By: Manoj Vashisth
    Updated: Fri, 28 Apr 2023 08:36 AM (GMT+05:30)

    Citadel Review सिटाडेल का निर्माण रूसो ब्रदर्स ने किया है। प्रियंका चोपड़ा जोनस एक स्पाइ के रोल में है। सिटाडेल एक्शन के मामले में अव्वल है। हालांकि अ ...और पढ़ें

    Citadel Review 3 Epioides Staring Priyanka Chopra Jonas. Photo- Instagram
    Citadel Review 3 Epioides Staring Priyanka Chopra Jonas. Photo- Instagram

    नई दिल्ली, जेएनएन। प्रियंका चोपड़ा की बहुप्रतीक्षित स्पाइ एक्शन वेब सीरीज सिटाडेल के दो एपिसोड्स अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो गये हैं। इस सीरीज की चर्चा दुनियाभर में इसलिए भी रही, क्योंकि अवेंजर्स जैसी फिल्मों के निर्देशक रूसो ब्रदर्स इसके निर्माता हैं। सीरीज का दुनियाभर में खूब प्रचार भी किया गया।

    भारत से लेकर लंदन और लॉस एंजेलिस में इसके इवेंट हुए। सिटाडेल में प्रियंका के साथ पैरलल लीड रोल में रिचर्ड मैडन हैं, जो गेम ऑफ थ्रोंस में रॉब स्टार्क का किरदार निभाकर मशहूर हुए थे। सिटाडेल के पहले दो एपिसोड वो असर पैदा नहीं कर सके, जिसके लिए इसको लेकर इतना शोर मचा हुआ था।

    हो सकता है कि आगे के चार एपिसोड्स में सीरीज का थ्रिल जोर पकड़े। पहले दो एपिसोड्स का निचोड़ प्रियंका चोपड़ा ही हैं। सिटाडेल की एजेंट नाडिया सिंह के किरदार में वो जबरदस्त एक्शन कर रही हैं। स्टाइलिश और नेचुरल लगी हैं। दृश्यों में वो अपने साथी कलाकार रिचर्ड मैडन पर भारी पड़ी हैं। 

    वो भूली दास्तां लो फिर याद आ गयी...

    कुछ इसी तर्ज पर है सीरीज की कहानी, जो एक ट्रेन से शुरू होती है, जिस पर सिटाडेल के एजेंट नाडिया सिंह (प्रियंका) और मेसन केन (रिचर्ड) सवार हैं। दोनों एक मिशन को अंजाम देने आये हुए हैं, जिसके लिए ट्रेन में जमकर एक्शन होता है और इस दौरान ट्रेन बड़े हादसे का शिकार होती है।

    खबरें और भी

    इस ओपनिंग सीन के बाद कहानी आठ साल बाद के कालखंड में पहुंचती है। मेसन केन अपनी पत्नी और बेटी के साथ पारिवारिक जिंदगी जी रहा है। वो अपनी पिछली जिंदगी भूल चुका है, मगर कुछ वक्त से उसकी यादों में नाडिया का चेहरा डूबने-उतराने लगा है। इसको लेकर वो मनोचिकित्सक से मिलता है। उसे लगता है कि इस चेहरे की सच्चाई जानकर वो अपनी पुरानी जिंदगी को याद कर सकेगा।

    इस बीच सिटाडेल में मेसन का पूर्व बॉस बर्नार्ड उसे किडनैप करता है और उसे बताता है कि वो एक बेहद तेजतर्रार स्पाइ है। मेसन को यकीन नहीं होता।

    बर्नार्ड मेसन को सिटाडेल का एक्स केस लाने की जिम्मेदारी सौंपता। इस केस को दुश्मन एजेंट सिटाडेल की गुप्त लोकेशन से चुराकर ले ये हैं। इस केस में कुछ सीक्रेट्स हैं, जिनसे पर्दा उठने पर सभी एजेंट्स की जिंदगी खतरे में पड़ सकती है। परिवार की खातिर में मेसन इसे वापस लाने के लिए निकलता है।

    इसी क्रम में उसे पूर्व साथी नाडिया मिलती है, जो खुद अपनी पहचान छिपाकर रह रही थी। उसे भी पिछली जिंदगी याद नहीं। दूसरे एपिसोड के अंत में प्रियंका जोरदार एक्शन करती हैं। आगे की कहानी हर शुक्रवार आने वाले एपिसोड्स में सामने आएगी।

    एक्शन के नाम रहे पहले दो एपिसोड्स

    अभी तक जितनी कहानी सामने आयी है, वो बहुत साधारण है। सीरीज कुछ नया पेश करने में चूक गयी है। आगे क्या होने वाला है, इसका अंदाजा लग चुका है। अगले चाल एपिसोड्स कितना पकड़ पाते हैं, यह इस कहानी के ट्विस्ट्स और टर्न्स पर निर्भर करता है। दूसरे एपिसोड के अंत में आगे के एपिसोड्स की कुछ झलकियां दिखायी गयी हैं, जिनसे उम्मीद जगती है। 

    सिटाडेल के लगभग आधे घंटे के दो एपिसोड्स का हासिल प्रियंका चोपड़ा ही हैं। प्रियंका ने अपने किरदार में ठीक काम किया है। एक्शन करते हुए बहुत नेचुरल लग रही हैं। जेम्स बॉन्ड वाले अंदाज में रिचर्ड मैडन का करिश्मा अभी बाकी है। फिलहाल तो प्रियंका ने लीड ले ली है। आगे की एपिसोड्स में दोनों के बीच रोमांस भी परवान चढ़ने वाला है, जिसकी हल्की-सी झलक शुरुआती एपिसोड्स में नजर आ चुकी है। 

    एक्शन दृश्य दमदार हैं। हालांकि, एक्शन कोरियोग्राफी में कुछ नयापन नहीं दिखता। तमाम स्पाइ फिल्में और सीरीज ऐसे ही दृश्यों से लबालब होती हैं। इतना जरूर है कि सिटाडेल काफी तेज रफ्तार है और सोचने का वक्त नहीं देती, जिससे कई सारी कमियां ढक जाती हैं। बैकग्राउंड संगीत और सिनेमैटोग्राफी ने दृश्यों को दर्शनीय बनाया है।  

    कलाकार- प्रियंका चोपड़ा जोनस, रिचर्ड मैडन, स्टैनली टुच्ची, लेसली मैनविले आदि।

    निर्देशक- न्यूटन थॉमस सीगल, जेसिका यू

    प्लेटफॉर्म- प्राइम वीडियो

    अवधि- लगभग 40 मिनट के दो एपिसोड्स।

    रेटिंग- **1/2