Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Hanuman Ansh Review: दुख से अध्यात्म की राह... 'नीब करौरी बाबा' का अनकहा पहलू दिखाती है फिल्म, पढ़ें रिव्यू

    By Smita SrivastavaEdited By: Rinki Tiwari
    Updated: Fri, 07 Aug 2026 01:21 PM (GMT+05:30)

    Hanuman Ansh Review: नीब करौरी बाबा पर आधारित फिल्म हनुमान अंश सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। विशाल चतुर्वेदी की फिल्म कैसी है? पढ़िए रिव्यू... ...और पढ़ें

    नीब करौरी बाबा पर बनी हनुमान अंश का रिव्यू।

    नीब करौरी बाबा पर बनी हनुमान अंश का रिव्यू।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    स्मिता श्रीवास्‍तव, मुंबई। गत मई में प्रख्‍यात संत नीब करौरी बाबा (Neeb Karori Baba) पर फिल्‍म 'श्री बाबा नीब करौरी महाराज' आई थी। आज सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्‍म 'हनुमान अंश' भी नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा और सेवा के दर्शन से प्रेरित है।

    क्या है हनुमान अंश की कहानी?

    कहानी का आरंभ भोसले (चंदन आंनद) द्वारा नीब करौरी बाबा के बारे में अपने पोते को बताने से होती है। वह बाबा से अपनी पहली मुलाकात के बारे में बताते हैं जब वह क्रांतिकारी हुआ करते थे। यह दौर था साल 1942 का जब देश गुलाम था। तब बाबा पुलिस से उनकी रक्षा करते हैं। उसके बाद वह बाबा की जीवन यात्रा के बारे में बताते हैं।

    वहां से कहानी 12 वर्षीय बालक लक्ष्मी नारायण पर आती है, जो अपनी मां की मृत्यु से भीतर तक टूट जाता है। वह अकबरपुर गांव स्थित अपना घर इस विश्वास के साथ छोड़ देता है कि अगर वह ईश्वर को खोज लेगा तो शायद अपनी दिवंगत मां से दोबारा मिल सकेगा। उसकी तलाश उसे मंदिरों, जंगलों, नदियों और गांवों से गुजरती हुई एक लंबी आध्यात्मिक यात्रा पर ले जाती है।

    Hanuman Ansh Review

    धीरे-धीरे उसकी खोज का अर्थ बदलता है। भूखे को भोजन देना, बिना भेदभाव के लोगों से प्रेम करना, करुणा और निस्वार्थ सेवा उसके जीवन का आधार बनते जाते हैं। फिल्म में उनके साथ जुड़े चमत्कार और आध्यात्मिक अनुभवों को भी कहानी में पिरोया गया है।

    खबरें और भी

    विशाल चतुर्वेदी का निर्देशन है शानदार

    फिल्‍म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने कहा था कि रिसर्च के दौरान जब वह नीब करौरी गांव पहुंचे, तो वहां लोगों ने उन्हें बताया कि बाबा को 'आंशिक हनुमान' अवतार कहा जाता था। इसी से हनुमान अंश का विचार आया। विशाल ने बाबा की हनुमान जी के प्रति भक्ति को आधार बनाते हुए उनकी आध्यात्मिक यात्रा को सहजता से पर्दे पर उतारा है।

    हनुमान अंश का स्क्रीनप्ले भी है दमदार

    खास बात यह है कि भव्यता के बजाय फिल्‍म अपने भावुक प्रसंगों के जरिए असर छोड़ती है। बाल्यकाल में उनका पशु पक्षियों और पेड़ पौधों से बात करना, मठ की जिम्‍मेदारी न लेकर आगे बढ़ जाना, अंग्रेज अफसर का उन्‍हें ट्रेन से उतार देना और फिर उसका माफी मांगना जैसे बाबा से जुड़े प्रचलित प्रसंगों को कहानी में खूबसूरती से पिरोया गया है।

    भक्ति में लीन करता है गीत-संगीत

    भक्तिमय गीत-संगीत कहानी के आध्यात्मिक भाव को गहराई देता है। अच्‍छी बात यह है कि यह फिल्म सिर्फ बाबा से जुड़े चमत्कारों पर केंद्रित नहीं है। इसमें दुख से अध्यात्म और अध्यात्म से मानव-सेवा तक की यात्रा को सधे तरीके से दर्शाया गया है।

    wqf

    कमियां नहीं करती हैं परेशान

    बाल्‍यावस्‍था में बाबा जब पत्‍थर के बदले बच्‍चों को मिठाई देते हैं तो वे आश्‍चर्यचकित नहीं होते, न ही इस बारे में सवाल पूछते हैं। बीच-बीच में फिल्‍म की गति का धीमी हो जाना। बाबा की ख्‍याति फैलने का जिक्र न होना जैसी छोटी-मोटी कमियों को नजरअंदाज कर दें तो आप आसानी से उनकी आध्यात्मिक यात्रा से जुड़ाव महसूस करते हैं।

    कलाकार हैं फिल्म की जान

    कलाकारों में नीब करौरी बाबा की भूमिका में शोभिनव डब्‍लू सत्या का अभिनय सराहनीय है। उन्‍होंने बाबा के बेफिक्र स्‍वभाव, हठ और भक्ति भाव को सहजता से अंगीकार किया है। बाल कलाकार के रूप में विहान एस हेगड़े अपना प्रभाव छोड़ते हैं। बाबा की पत्‍नी की भूमिका में पूर्णिमा तिवारी का काम भी प्रभावी है। सीमित स्‍क्रीन टाइम में महंत की भूमिका में अनिल रस्तोगी का अभिनय सराहनीय है। फिल्‍म के अंत में इसका अगला पार्ट लाने का जिक्र है।

    कुल मिलाकर बाबा के व्यक्तित्व और विचारों को करीब से जानने की इच्छा रखने वाले दर्शकों के लिए यह सराहनीय प्रयास है।

    यह भी पढ़ें- Ohh My Dog Review: इंसानी लालच पर भारी पड़ी बेजुबान 'ऑस्कर' की वफादारी, क्या देखने लायक है 'ओह माय डॉग'?

    यह भी पढ़ें- Spider-Man Brand New Day Review: भावनाओं का जाल, पहचान की नई तलाश; उम्मीदों पर खरी उतरी 'ब्रांड न्यू डे'?