83 की उम्र में नॉन स्टॉप काम कर रहे Amitabh Bachchan, बिग बी ने की 24 घंटे की शिफ्ट
83 वर्षीय अमिताभ बच्चन ने 'कौन बनेगा करोड़पति' के आगामी सीजन के लिए 24 घंटे की लंबी शिफ्ट पूरी की।
-1786012065476_m.webp)
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। 83 साल की उम्र में दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) का काम के प्रति समर्पण देखकर कई युवा उनके सामने फीके पड़ सकते हैं। उन्होंने हाल ही में 'कौन बनेगा करोड़पति' (Kaun Banega Crorepati) के आने वाले सीजन की शूटिंग के दौरान 24 घंटे की लंबी और थका देने वाली शिफ्ट पूरी की।
अमिताभ ने 24 घंटे किया काम
अभिनेता ने बताया कि उन्होंने सुबह 7 बजे शूटिंग शुरू की और अगले दिन सुबह 7 बजे ही इसे खत्म किया। उन्होंने कहा कि शेड्यूल को टाला नहीं जा सकता था क्योंकि शो के प्रीमियर की तारीख पहले ही घोषित की जा चुकी थी।
अपने ब्लॉग पर बिग बी ने फैंस को अपनी व्यस्त दिनचर्या की झलक दिखाई और बताया कि उन्होंने बिना किसी ब्रेक के शूटिंग जारी रखने का फैसला क्यों किया। उन्होंने लिखा, 'आज सुबह 7 बजे काम खत्म किया, जो कल सुबह 7 बजे शुरू हुआ था। लेकिन इसे सही समय पर पेश करना जरूरी था, इसलिए मैंने ऐसा किया।'
-1786015358878.webp)
एक्टर ने आगे कहा कि 'कौन बनेगा करोड़पति 18' की लॉन्च डेट तय हो चुकी है, इसलिए देरी की कोई गुंजाइश नहीं थी। उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि अगर वह शूटिंग छोड़ देते, तो उन्हें अपनी होस्टिंग की नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता था।
क्या है नए सीजन की थीम?
कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18 इसी महीने 10 अगस्त से रात के 9 बजे सोनी टीवी पर प्रसारित होगा। बिग बी होस्ट के तौर पर वापसी करेंगे और नए सीजन की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ होगी। यह सीजन इस बात पर आधारित है कि आज के दौर में जब जानकारी हर किसी के लिए उपलब्ध है, तो असली फायदा इस बात में है कि आप उसे कैसे समझते हैं, आपस में जोड़ते हैं और उसका इस्तेमाल करते हैं।
