Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    FIFA World Cup 2026: ब्राजील को खिताब की दौड़ से बाहर नहीं रख सकते- एंसेलोटी

    Updated: Wed, 03 Jun 2026 06:00 AM (IST)

    ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने फीफा विश्व कप में टीम की संभावनाओं पर बात की। उन्होंने कहा कि ब्राजील हमेशा खिताब का दावेदार रहेगा और इटली के क्वाली ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी का कहना है कि 11 जून से शुरू हो रहे फीफा विश्व कप में भले ही कई दावेदार हों, लेकिन ब्राजील को आप कभी खिताब की दौड़ से बाहर नहीं रख सकते हैं। 2025 में ब्राजील का कोच पद संभालने वाले एंसेलोटी के अनुसार, इस विश्व कप में ब्राजील से बहुत उम्मीदें होंगी क्योंकि टीम 24 साल से खिताब नहीं जीत सकी है। इतालवी मूल के एंसेलोटी को इटली के विश्व कप में क्वालीफाई नहीं कर पाने का भी दुख है। फीफा विश्व कप को लेकर एंसेलोटी ने विशेष बातचीत की।

    प्रस्तुत हैं प्रमुख अंश:

    सवाल- 1994 में अमेरिका में हुए फुटबॉल विश्व कप में आप इटली टीम के सहायक कोच थे और तब टीम फाइनल में ब्राजील से हार गई थी। 32 साल बाद अब आप अमेरिका में होने वाले एक और विश्व कप में ब्राजील के मुख्य कोच होंगे। क्या यह एक तरह से पूरा चक्र पूरा होने जैसा है?

    कार्लो एंसेलोटी- वास्तव में ऐसा नहीं है। सच कहूं तो मैंने इस तरह कभी नहीं सोचा। जब मुझे ब्राजील का कोच बनने का प्रस्ताव मिला, तब मैं रीयल मैड्रिड के साथ काम कर रहा था। मैंने उनसे कुछ समय इंतजार करने को कहा और उन्होंने किया। बाद में उनकी रुचि बनी रही और मुझे दुनिया की सबसे सफल राष्ट्रीय फुटबॉल टीम को कोचिंग देने का अवसर रोमांचक लगा। यह महज संयोग है कि दोनों विश्व कप अमेरिका में हो रहे हैं, हालांकि इस बार मेक्सिको और कनाडा भी मेजबान हैं।

    सवाल- आपने पांच चैंपियंस लीग खिताब जीते हैं और ब्राजील के पास भी पांच विश्व कप ट्राफियां हैं। इस समानता को नजरअंदाज करना मुश्किल है?

    कार्लो एंसेलोटी- यह भी एक संयोग ही है। हमें इस बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। यह ब्राजीलियाई खिलाड़ियों के लिए दुनिया को अपनी क्षमता दिखाने का शानदार अवसर है। हमें ऐसी तैयारी करनी होगी जिससे दुनिया भर में फैले हमारे प्रशंसकों को खुशी मिले।

    खबरें और भी

    सवाल- एक और संयोग यह है कि 1994 में ब्राजील ने 24 साल बाद विश्व कप जीता था और अब फिर 24 साल बाद खिताब जीतने की कोशिश करेगा?

    कार्लो एंसेलोटी- हां, लोग ऐसा कह रहे हैं। लेकिन ब्राजील हमेशा हर टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ बनने की कोशिश करता है। पिछले 24 वर्षों में बात नहीं बनी, लेकिन ब्राजील हमेशा मजबूत दावेदारों में शामिल रहा। फुटबॉल में आप हर बार नहीं जीत सकते। मेरे लिए महत्वपूर्ण यह है कि प्रयास में कोई कमी न हो और हम आगामी विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।

    सवाल- आपको क्लब फुटबॉल में एक महान रणनीतिकार माना जाता है, जबकि ब्राजील हमेशा व्यक्तिगत प्रतिभाओं से भरपूर टीम रही है। इस पर आप क्या कहेंगे?

    कार्लो एंसेलोटी- केवल प्रतिभा के दम पर बड़े टूर्नामेंट नहीं जीते जा सकते। 1994 में ब्राजील के पास रोमारियो और बेबेटो जैसे शानदार खिलाड़ी थे, लेकिन टीम ने 4-4-2 फार्मेशन में खेलते हुए मिडफील्ड की बड़ी भूमिका सुनिश्चित की थी। इसी तरह 2002 में ब्राजील ने तीन केंद्रीय डिफेंडरों के साथ खेला था। करीबी मुकाबलों में व्यक्तिगत प्रतिभा अंतर पैदा कर सकती है, लेकिन उसके पीछे एक मजबूत और संगठित टीम प्रयास होना जरूरी है।

    सवाल- क्या आप विश्व कप में कोई नया फॉर्मेशन लागू करेंगे, जैसे पुराने 4-2-4 सिस्टम की वापसी?

    कार्लो एंसेलोटी- किसी भी सिस्टम को खिलाड़ियों पर थोपा नहीं जा सकता। उसे खिलाड़ी तब अपनाते हैं जब उन्हें विश्वास हो जाता है कि वे उस तरीके से खेलकर सफल हो सकते हैं। पहले उनका भरोसा जीतना जरूरी है। हमेशा ऐसा नहीं होता कि कोच कुछ कहे और खिलाड़ी उसे लागू कर दें। मुझे याद है कि आंद्रे पिरलो ने मुझे सुझाव दिया था कि मैं उन्हें डिफेंसिव मिडफील्डर की भूमिका में खिलाऊं। उन्होंने मुझे इसके लिए आश्वस्त किया और बाद में मैदान पर उस भूमिका को नई पहचान दी। मेरी सोच खिलाड़ियों से बात करके उनकी राय समझने और फिर उनके लिए सबसे उपयुक्त योजना बनाने की है।

    सवाल- क्या आप अपनी चुनी हुई टीम से संतुष्ट हैं? कुछ अहम खिलाड़ी जैसे मिलिताओ और रोड्रिगो चोट के कारण बाहर हैं। क्या विश्व कप में उनकी कमी खलेगी?

    कार्लो एंसेलोटी- फुटबॉल में चोटें खेल का हिस्सा हैं। मिलिताओ और रोड्रिगो जैसे खिलाड़ियों की कमी जरूर खलेगी, लेकिन इससे नए खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का मौका भी मिलता है। 40 वर्षों से अधिक समय तक कोचिंग करने के अनुभव से मैं जानता हूं कि ऐसी परिस्थितियां किसी भी टीम के साथ कभी भी हो सकती हैं। इसलिए आपको हमेशा तैयार रहना पड़ता है।

    सवाल- ब्राजीलियाई प्रशंसकों की उम्मीदों से कैसे निपटेंगे?

    कार्लो एंसेलोटी- उम्मीदें वास्तव में जिम्मेदारियां होती हैं। जब आप ब्राजील जैसी टीम को विश्व कप में कोच कर रहे हों तो अपेक्षाएं स्वाभाविक हैं। मैंने देखा है कि ब्राजील में राष्ट्रीय टीम का हर मैच एक उत्सव जैसा होता है। पूरा देश पीली जर्सी पहनकर टीम का समर्थन करता है और उसके साथ जश्न मनाता है। विश्व कप में ये उम्मीदें और भी बड़ी होंगी। हमें हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा ताकि हम अपने प्रशंसकों को खुश कर सकें।

    सवाल- 2026 विश्व कप जीतने के लिए क्या कोई स्पष्ट दावेदार है?

    कार्लो एंसेलोटी- सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई टीमें हैं। फ्रांस, स्पेन, अर्जेंटीना, इंग्लैंड, पुर्तगाल और जर्मनी सभी मजबूत दावेदार हैं। इन टीमों के बीच होने वाले मुकाबले किसी भी फुटबॉल प्रशंसक के लिए रोमांचक होंगे। इस विश्व कप में फुटबॉल अपने सर्वोच्च स्तर पर पहुंचेगा और भावनाएं भी चरम पर होंगी। और हां, ब्राजील को भी कभी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

    सवाल- क्या ये परेशान करता है कि आपकी मातृभूमि इटली लगातार तीन विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी?

    कार्लो एंसेलोटी- बिल्कुल, यह दुख पहुंचाता है। हमने चार विश्व कप जीते हैं, लेकिन 2018 के बाद से हम विश्व कप में नहीं खेल पाए हैं। इटली के फुटबॉल ढांचे में कुछ गंभीर समस्याएं हैं और संबंधित लोगों को जल्द से जल्द उनका समाधान करना होगा।

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: टूर्नामेंट से पहले फैंस के लिए खुशखबरी आई सामने, भारत में यहां देख सकेंगे वर्ल्ड कप के मुकाबले

    यह भी पढ़ें- JFC डिफेंडर निखिल का सपना हुआ सच: लंदन में भारत के लिए खेला पहला इंटरनेशनल मैच, झारखंड का नाम किया रोशन