ऑस्ट्रेलिया को तुर्किए से सावधान रहने की जरूरत, 24 साल बाद विश्व कप में हो रही वापसी
विश्व कप के ग्रुप डी में रविवार को ऑस्ट्रेलिया और तुर्किए के बीच रोमांचक भिड़ंत होगी। ...और पढ़ें

ऑस्ट्रेलिया और तुर्किए के बीच रोमांचक भिड़ंत होगी
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। विश्व कप के ग्रुप डी में रविवार को ऑस्ट्रेलिया और तुर्किए के बीच रोमांचक भिड़ंत होगी। टूर्नामेंट के तीसरे दिन होने वाले इस मुकाबले तक ग्रुप डी में क्वालिफिकेशन की स्थिति या तो साफ हो चुकी होगी या बहुत कांटे की टक्कर वाली स्थिति बन चुकी होगी। ऐसे में कनाडा के वैंकूवर में होने वाले ऑस्ट्रेलिया बनाम तुर्किए का यह मुकाबला निर्णायक हो सकता है और ऑस्ट्रेलिया को इसमें तुर्किए से सावधान रहने की जरूरत होगी।
2002 में तीसरे स्थान पर रहने के बाद 24 साल तक टूर्नामेंट से बाहर रही तुर्किए की टीम अब ग्रुप में आगे बढ़ने के लिए जीत से कम कुछ भी पसंद नहीं करेगी। वहीं अपने सातवें विश्व कप में लौट रही ऑस्ट्रेलिया को भी नॉकआउट राउंड में आगे बढ़ने और 2022 के राउंड ऑफ 16 के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए एक मजबूत नतीजे की जरूरत होगी। इस ग्रुप में अमेरिका और पैराग्वे भी शामिल हैं।
कतर का सामना स्विटजरलैंड से
इस बार भी विश्व कप में क्वालिफाई करने में सफल रहे 2022 के विश्व कप के मेजबान देश कतर को अपने पहले ही मुकाबले में स्विटजरलैंड की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। ग्रुप सी का यह मुकाबला अमेरिका के सेन फ्रांसिस्को में खेला जाएगा। वहीं, ग्रुप सी के ही एक अन्य मुकाबले में हैती का सामना एक और यूरोपियन टीम स्काटलैंड से अमेरिका के बोस्टन में होगा।