Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    FIFA World Cup: ब्राजील ने जापान का सपना तोड़ा, आखिरी मिनटों में गोल दागकर राउंड ऑफ 16 में बनाई जगह

    Updated: Tue, 30 Jun 2026 07:18 AM (IST)

    जापान ने ब्राजील के खिलाफ एक फुटबॉल मैच में शुरुआती बढ़त हासिल करने के लिए एक मजबूत रक्षात्मक रणनीति अपनाई और 29वें मिनट में गोल किया। ...और पढ़ें

    Brazil vs Japan Highlights: ब्राजील ने जापान को 2-1 से हराया

    Brazil vs Japan Highlights: ब्राजील ने जापान को 2-1 से हराया

    HighLights

    1. FIFA World Cup 2026: जापान फीफा वर्ल्ड कप से बाहर

    2. ब्राजील ने जापान को 2-1 से हराया

    3. ब्राजील ने जीत के साथ राउंड ऑफ 16 में बनाई जगह

    डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। Japan vs Brazil Highlights 2026: जापान की फुटबॉल टीम ने ब्राजील के खिलाफ अंतिम-32 मैच में गजब का चक्रव्यूह रचा था। जापान ने शुरुआत से ही मिडफील्ड में इतने खिलाड़ी भर दिए कि ब्राजील की टीम के पसीने छूट गए।

    मैच के पहले हाफ में ब्राजील ने बहुत हाथ-पैर मारे लेकिन गोल नहीं कर पाए, उल्टा जापान ने मशहूर समुराइयों की भांति दबे पांव ब्राजील से बीच मैदान गेंद छीनी और 29वें मिनट में गोल कर दिया।

    लगा कि जापान की रणनीति कामयाब रहेगी और वो फीफा विश्व कप के नॉकआउट का पहला उलटफेर कर देंगे, लेकिन मैच के दूसरे हाफ में पांच बार की चैंपियन ब्राजील ने उनकी रणनीति, डिफेंस और मिडफील्ड, सबमें सांबा कर दिया।

    Brazil vs Japan Highlights: ब्राजील ने जापान को 2-1 से हराया

    एक समय मैच 1-1 की बराबरी था लेकिन चैंपियन तो चैंपियन होते हैं और ब्राजील ने इंजरी टाइम में एक और गोल करके बता दिया कि उनकी टीम एशियाई शेरों के मुकाबले क्यों बेहतर है। इससे पहले ह्यूस्टन स्टेडियम में जापान ने पांच मिडफील्डर्स के साथ घनघोर डिफेंसिव शुरुआत की। ब्राजील ने शुरू से ही अटैक करना चाहा लेकिन उनके अटैक सफल नहीं हो पाए। जापान की मिडफील्ड में भरे खिलाड़ियों ने ब्राजील को क्लीयर चांस बनाने के बहुत कम मौके दिए और लगातार परेशान किया।

    मैच के पहले हाइड्रेशन ब्रेक तक ब्राजील कई हमले कर चुका था लेकिन स्कोर अब भी 0-0 था। हाइड्रेशन ब्रेक से लौटने के बाद ब्राजील ने थोड़ी सांस लेने की कोशिश की और इसी दौरान कैसेमिरो से एक गलती हो गई। साथी मिडफील्डर को पास देने के चक्कर में वह गेंद पर ढिलाई दिखा बैठे और समुराई की तरह बिजली की गति से आए काइशू सानो ने बीच मैदान में गेंद संभाली। सानो अकेले भागे और गोल से 20 मीटर दूर से ही झन्नाटेदार शाट लगाकर ब्राजील के गोलकीपर एलिसन बेकर को चौंका दिया।

    खबरें और भी

    यह पहले हाफ का इकलौता गोल था।मैच में आगे आने के बाद जापान ने अपना डिफेंस और सख्त कर दिया। अब उनके खिलाड़ी फुटबाल की मशहूर बस पार्क (डिफेंस में ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी गेंद के पीछे) तकनीक पर खेलने लगे। ब्राजीली खिलाड़ी हैरान-परेशान मैदान में इधर से उधर भाग रहे थे लेकिन सफलता उनसे दूर ही थी।

    तभी कैसेमिरो ने एक कमाल का हेडर मारा। मैच के 56वें मिनट में गेब्रिएल के क्रॉस पर आया ये हेडर इतना तगड़ा और सटीक था कि जापानी गोलकीपर सुजुकी कुछ नहीं कर पाए। गेंद गोल में समा गई।मैच का दूसरा हाफ बहुत देर तक बराबरी पर चला। ब्राजील ने गोल भले कर दिया लेकिन जापानी समुराई इस हाफ में ज्यादा पीछे नहीं थे।

    उन्होंने भी गोल करने के कई मौके बनाए। अंत में जब लगा कि मुकाबला अतिरिक्त समय में जा रहा है, तभी ब्राजील ने विजयी गोल खोज निकाला। युवा फारवर्ड रायन ने जापान से गेंद छीन, ब्रूनो गिमारेस की ओर खिसका दी, जिन्होंने इसे एकदम जापान के बॉक्स में, तीन जापानी डिफेंडरों के बीच खड़े गेब्रिएल मार्टिनेली को सौंप दी। मार्टिनेली ने गेंद संभाली, पलटे और उसे सुजुकी के पार गोल में भेज दिया। करोड़ों जापानी दिल तोड़ते हुए ब्राजील ने अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया।

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: रॉकेट बने फ्रांस से कैसे बच पाएगा अस्थिर स्वीडन, टिकना होगा मुश्किल

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: मेक्सिको के सामने होगी इक्वाडोर की दीवार तोड़ने की चुनौती, मेजबान कैसे पाएंगे इससे पार?