Canada vs South Africa Highlights: कनाडा ने रचा इतिहास, पहली बार राउंड ऑफ 16 में की एंट्री; हार के साथ दक्षिण अफ्रीका टूर्नामेंट से बाहर
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले नॉकआउट मुकाबले में कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई ...और पढ़ें

साउथ अफ्रीका फीफा वर्ल्ड कप से बाहर, कनाडा ने राउंड ऑफ 16 में बनाई जगह
HighLights
कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराया
कनाडा ने पहली बार विश्व कप के राउंड ऑफ-16 में जगह बनाई
कप्तान स्टीफन यूस्टाक्वियो ने इंजरी टाइम में गोल दागकर टीम को दिलाई ऐतिहासिक जीत
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Canada Vs South Africa Highlights: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले नॉकआउट मुकाबले में रोमांचक मैच कनाडा और दक्षिण अफ्रीका के बीच देखने को मिला। लॉस एंजेलिस के मैदान पर दोनों टीमों ने अपना शानदार खेल दिखाया। दोनों ही टीमें पहली बार टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 में जगह बनाने उतरी थी, जहां कनाडा ने आखिरी पलों में गोल दागकर साउथ अफ्रीका के सपनों को तोड़कर रख दिया और राउंड ऑफ 16 में एंट्री की।
साउथ अफ्रीका फीफा वर्ल्ड कप से बाहर
दरअसल, आखिरी सेकंडो में स्टीफन यूस्ताकियो ने आखिरकार मौका ढूंढ ही लिया। कनाडा के कप्तान ने इंजरी टाइम के गहरे में गोल दागकर टीम को 1-0 से जीत दिलाई। जेसी मार्श की टीम पहली बार इतिहास में राउंड ऑफ 16 में पहुंची है, जिससे उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल की। इससे पहले कनाडा 1986 और 2022 विश्व कप में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सका था। अब राउंड ऑफ-16 में उनका सामना नीदरलैंड और मोरक्को के बीच होने वाले मैच की विजेता टीम से होगा।
वहीं, ये हार साउथ अफ्रीका के लिए काफी दर्दनाक थी। ह्यूगो ब्रूस की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है, लेकिन उन्होंने दुनिया भर के फैंस का दिल जरूर जीता। कनाडा ने शुरुआती समय में लगभग पूरा दबाव बनाया, लेकिन साउथ अफ्रीका की टीम ने हर बार लगातार दबावों के बीच शानदार डिफेंस किया। हर हमले को ब्लॉक किया। पहले हाफ के आखिरी पल में कनाडा लगातार दो बार गोल करने के करीब पहुंच गया था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के डिफेंडर ऑब्रे मॉडिबा ने मोइज बॉम्बिटो के हेडर को गोललाइन से क्लियर कर दिया।
इसके बाद गोलकीपर रोनवेन विलियम्स ने ताजो बुकानन के शॉट पर भी शानदार तरीके से डिफेंस किया और अपनी टीम को गोल खाने से बचा लिया। हाफ टाइम तक दोनों टीमों 0-0 की बराबरी पर थीं।
दूसरे हाफ के आखिरी पलों में कनाडा ने दागा गोल
दूसरे हाफ में कनाडा ने मजबूत पकड़ बनाई और लगातार दक्षिण अफ्रीका के गोल पर हमले किए। तानी ओलुवासेयी के दमदार शॉट को रोनवेन विलियम्स ने शानदार तरीके से रोका। इसके बाद डिफेंडर म्बेकेजेली म्बोकाजी ने समय रहते गेंद को क्लियर कर रिबाउंड पर गोल होने से बचा लिया। 75वें मिनट में स्टार खिलाड़ी अल्फोंसो डेविस मैदान पर आए और उन्होंने शानदार दवाब बनाया।
खबरें और भी
जब मैच 90 मिनट पूरे होने के बाद इंजरी टाइम में पहुंचा, तो लगा कि मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम की ओर बढ़ रहा है। लेकिन मैच के आखिरी कुछ पलों में, कनाडा के कप्तान स्टीफन यूस्ताकियो ने वह कर दिखाया जिसकी तलाश कनाडा को पूरे मैच में थी। उन्होंने बॉक्स के बाहर उछलती हुई गेंद पर बेहतरीन फर्स्ट-टाइम शॉट लगाया। गेंद सीधे गोलपोस्ट के निचले कोने में जा गई और गोलकीपर रोनवेन उसे रोक नहीं पाए। इस तरह कनाडा ने 1-0 से जीत दर्ज कर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम को हार के साथ विश्व कप से बाहर होना पड़ा।