Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    FIFA World Cup 2026: आंखों में आंसू और दिल में अधूरा सपना लिए हमेशा के लिए विश्व कप से विदा हुए क्रिस्टियानो रोनाल्डो

    Updated: Tue, 07 Jul 2026 08:36 PM (IST)

    क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना स्पेन से 1-0 की हार के साथ टूट गया, जिससे उनका विश्व कप करियर समाप्त हो गया। यह हार उनके लिए एक अधूरा ...और पढ़ें

    क्रिस्टियानो रोनाल्डो

    क्रिस्टियानो रोनाल्डो

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अंतिम सीटी बजते ही आर्लिंग्टन के डलास स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। हजारों दर्शक खड़े होकर उस खिलाड़ी को विदाई दे रहे थे, जिसने दो दशक से भी अधिक समय तक फुटबॉल की दुनिया पर राज किया।

    पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया, लेकिन उनकी आंखों और चेहरे की मायूसी साफ बता रही थी कि इस विदाई में मुस्कान नहीं, एक अधूरे सपने का दर्द छिपा है। विश्व कप जीतने की उनकी आखिरी उम्मीद भी सोमवार रात स्पेन से मिली 1-0 की हार के साथ हमेशा के लिए खत्म हो गई।

    रोनाल्डो ने पहले ही कर दी थी घोषणा

    प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले ही 41 वर्षीय रोनाल्डो ने घोषणा कर दी थी कि 2026 विश्व कप उनका अंतिम विश्व कप होगा। ऐसे में स्पेन के विरुद्ध यह मुकाबला उनके विश्व कप करियर का अंतिम अध्याय बन गया। अतिरिक्त समय के अंतिम क्षणों में स्पेन के मिकेल मेरिनो ने निर्णायक गोल दागकर पुर्तगाल के अभियान का अंत कर दिया और इसके साथ ही फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर रोनाल्डो के सफर का भी पटाक्षेप हो गया।

    मौजूदा टूर्नामेंट में तीन गोल करने वाले रोनाल्डो इस मुकाबले में अपनी छाप नहीं छोड़ सके। स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमन उनके सामने अभेद्य दीवार बनकर खड़े रहे। सिमन ने विश्व कप में बिना गोल खाए खेलने का अपना रिकॉर्ड 609 मिनट तक पहुंचा दिया, जबकि स्पेन लगातार छह विश्व कप मैचों में क्लीन शीट रखने वाली पहली टीम बन गई।

    खबरें और भी

    मैच के 37वें मिनट में था सुनहरा मौका

    रोनाल्डो के पास गोल करने का सबसे सुनहरा मौका मैच के 37वें मिनट में आया। जोआओ फेलिक्स का हेडर सिमन के कंधे से टकराकर उनके सामने गिरा। रोनाल्डो ने तुरंत बैकवर्ड किक लगाई, लेकिन शॉट में ताकत नहीं थी और स्पेनिश गोलकीपर ने शानदार बचाव कर पुर्तगाल की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। हालांकि विश्व फुटबॉल के इतिहास में रोनाल्डो का नाम हमेशा स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।

    वह लगातार छह विश्व कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक 146 गोल और रिकॉर्ड 233 मैच हैं। क्लब और देश के लिए उन्होंने लगभग हर बड़ा खिताब जीता, लेकिन विश्व कप ट्रॉफी उनके हाथों से हमेशा दूर ही रही। यही एक कमी उनके महान करियर की सबसे बड़ी कसक बनकर रह गई।

    रोनाल्डो के नेतृत्व में पुर्तगाल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

    रोनाल्डो के नेतृत्व में पुर्तगाल का सर्वश्रेष्ठ विश्व कप प्रदर्शन 2006 में सेमीफाइनल तक पहुंचना रहा, जो उनका पहला विश्व कप भी था। इसके बाद उन्होंने कई यादगार पल दिए। 2018 विश्व कप में स्पेन के विरुद्ध उनकी हैट्रिक आज भी विश्व कप इतिहास के सबसे यादगार प्रदर्शनों में गिनी जाती है। अपने छह विश्व कप अभियानों में उन्होंने कुल 11 गोल किए और वह विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में नौवें स्थान पर हैं।

    रोनाल्डो ने जताई थी उम्मीद

    स्पेन के खिलाफ मुकाबले से एक दिन पहले रोनाल्डो ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है यह उनका आखिरी मैच नहीं होगा और वह अपने अंतिम विश्व कप के हर पल का आनंद लेना चाहते हैं, लेकिन नियति ने उनके लिए कुछ और ही तय कर रखा था। तालियों की गूंज के बीच जब रोनाल्डो मैदान से बाहर निकले तो दुनिया ने सिर्फ एक महान खिलाड़ी को विदा होते नहीं देखा, बल्कि उस सपने को भी अलविदा कहा जो करोड़ों प्रशंसकों की आंखों में वर्षों से बसता था।

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: मैच रेफरी क्लॉस पर डोनल्ड ट्रंप के आरोपों को फीफा ने बताया 'बकवास'

    यह भी पढ़ें- 'एक मैच आपकी महानता को...', मोहम्‍मद सिराज का क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो के लिए इमोशनल मैसेज; पोस्‍ट ने मचाई सनसनी