आर्सनल का खौफनाक पतन! जे लिंच की शानदार गोलकीपिंग के दम पर फ्लीटवुड टाउन ने रचा नया इतिहास
इंग्लिश लीग कप में फ्लीटवुड टाउन ने मौजूदा चैंपियन आर्सनल को पेनाल्टी शूटआउट में 5-3 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। ...और पढ़ें

फ्लीटवुड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दुनिया कहती है कि पैसे से बड़ी पावर कुछ नहीं, लेकिन इतिहास कहता है मनुष्य की इच्छाशक्ति के आगे सबकुछ हल्का है। मंगलवार देर रात इंग्लैंड के एक छोटे से कस्बे फ्लीटवुड में एक बार फिर से इतिहास की यही बात सच साबित हुई जब इंग्लैंड की फुटबॉल के चौथे दर्जे में खेलने वाले क्लब फ्लीटवुड टाउन ने शीर्ष दर्जे की मौजूदा चैंपियन आर्सनल फुटबॉल क्लब को पेनाल्टी शूटआउट में 5-3 से परास्त करके इंग्लिश लीग कप से बाहर का रास्ता दिखा दिया। अंतिम-16 का ये मैच तय समय में 1-1 की बराबरी पर छूटा था।
अगर आपके मन में ये सवाल बचा है कि ये मैच पैसे और इच्छाशक्ति के बीच कैसे हुआ तो आप दो अहम चीजें जान लीजिए। आर्सनल के मैनेजर मिकेल अर्टेटा हर महीने लगभग 25 लाख यूरो की तनख्वाह लेते हैं और फ्लीटवुड की पूरी स्क्वाड की मौजूदा वैल्यू लगभग 27-28 लाख यूरो है।
यानी फ्लीटवुड के खिलाड़ियों की कुल कीमत आर्सनल के मैनेजर के एक महीने की तनख्वाह के बराबर है। लेकिन मैदान पर कहानी उलट रही और फ्लीटवुड ने मैच के 21वें मिनट में आरोन लूपालो बी द्वारा किए गोल की मदद से जो बढ़त ली, वो आर्सनल वाले 50वें मिनट में बराबर कर पाए जब स्ट्राइकर विक्टर ग्योकेरेस ने गेंद को गोल में पहुंचाया।
खिलाड़ियों ने किया लड़ाई-झगड़ा
आर्सनल की टीम इस मैच में बहुत तड़पी, खूब जोर लगाया, 90 मिनट खत्म होने से पहले झुंझलाकर झगड़ा-लड़ाई तक कर बैठे लेकिन फ्लीटवुड की इच्छाशक्ति से पार नहीं पा सके। विवाद करने के चलते इनके युवा मिडफील्डर मैक्स डामैन को 86वें मिनट में रेड कार्ड भी दिखा दिया गया। निर्धारित 90 और सात अतिरिक्त मिनट के बाद स्कोर 1-1 से बराबर रहा।
पेनल्टी शूटआउट में आर्सनल की ओर से मिडफील्डर ब्रूनो गिमाराइस का शॉट
फ्लीटवुड के गोलकीपर जे लिंच ने रोक लिया जबकि फ्लीटवुड की ओर से पांचों पेनाल्टी किक पर गेंद गोल में पहुंची और टीम ने इस शूटआउट को 5-3 से जीत लिया।फ्लीटवुड ने शूटआउट में पहला शॉट लिया था इसलिए ब्रूनो द्वारा अपना शाट मिस करने के बाद शूटआउट में आर्सनल को पांचवें शाट का मौका तभी मिलता अगर फ्लीटवुड का पांचवां शाट मिस हो जाता लेकिन कोनर ह्यूइ ने कोई गलती नहीं की।
इंग्लिश फुटबॉल इतिहास में 34 साल बाद कोई मौजूदा शीर्ष दर्जे का चैंपियन चौथे दर्जे की टीम से हारकर घरेलू कप प्रतियोगिता से बाहर हुआ है। पिछली बार साल 1992 में रेक्सहम ने आर्सनल को ही एफए कप में हराकर बाहर किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।