बहिष्कार के बीच Kylian Mbappe ने मांगी माफी, चीनी नेता को कहा था 'तानाशाह'
काइलियन एमबापे ने हाल ही में चीन के संस्थापक नेता को तानाशाह कह दिया था, जिसके बाद बवाल मच गया। अब उन्होंने अपन बयान को लेकर माफी मांगी है।

काइलियन एमबापे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एपी, बीजिंग। फ्रांस और रीयल मैड्रिड के लिए खेलने वाले फुटबालर काइलियन एमबापे ने कम्युनिस्ट चीन के संस्थापक नेता माओ जेडोंग को तानाशाह कहने के लिए माफी मांगी है।
इस बयान के बाद उन्हें भारी आलोचना का सामना करना पड़ा और तीन चीनी कंपनियों ने उनके साथ अपने ब्रांड करार रद कर दिए थे। साथ ही चीन के सरकारी ब्राडकास्टर ने देश में स्पैनिश लीग ला लीगा के प्रसारण पर भी रोक लगा दी थी।
एमबापे ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद ला लीगा और इसके अध्यक्ष हाविए तेबाल ने भी चीन के प्रशंसकों से माफी मांगी थी। मंगलवार को एक बयान में एमबापे ने कहा, 'मेरी टिप्पणी में समझ का अभाव था। अब मुझे एहसास हुआ है कि इससे चीन के लोगों और दुनिया भर में रहने वाले चीनी समुदायों को ठेस पहुंची है। जिन लोगों को मेरे शब्दों से दुख पहुंचा है, मैं उन सभी से माफी मांगता हूं। मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था। मैं चीनी लोगों और उनके इतिहास का बहुत सम्मान करता हूं, और मुझे सच में खेद है।'
एमबापे का इन कंपनियों ने किया बहिष्कार
इस बयान के बाद चीन में सबसे प्रसिद्ध फुटबालरों में से एक एमबापे को पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनी डोंगपेंग, डेयरी कंपनी मेंगनीउ और चीज बनाने वाली कंपनी मिल्कग्राउंड के साथ के अपने विज्ञापन करार खोने पड़े थे।
इन कंपनियों ने कहा कि वे फुटबाल स्टार के साथ अपने करार खत्म कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वे ऐसी किसी भी बात या काम का विरोध करते हैं, जिससे राष्ट्रीय भावनाओं को ठेस पहुंचे।
दरअसल एक इंटरव्यू के दौरान जब एमबापे से उनके बारे में बने किसी पसंदीदा मीम के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें किसी व्यक्ति का बनाया हुआ एक वीडियो पसंद आया... मुझे लगता है कि वह कोई चीनी तानाशाह था। इसके बाद वीडियो में एक एडिट की गई तस्वीर दिखाई गई, जिसमें माओ ज़ेडोंग के नीले सूट पहने शरीर पर एमबापे का चेहरा लगा हुआ था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।