FIFA World Cup 2026: केप वर्डे ने नॉकआउट में जगह बना रचा इतिहास, स्पेन से हार के बाद टूटा उरुग्वे का सपना
केप वर्डे ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट दौर में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। स्पेन और सऊदी अरब के साथ ड्रॉ खेलने के बाद, केप वर्डे अब अर्जेंटीना से भिड़ेगा, जबकि उरुग्वे का सफर समाप्त हो गया है।
-1782540831091_m.webp)
केप वर्डे ने रचा इतिहास
HighLights
केप वर्डे फीफा वर्ल्ड कप नॉकआउट में पहुंचने वाला सबसे छोटा देश
स्पेन और सऊदी अरब के साथ ड्रॉ खेलकर नॉकआउट में जगह बनाई
उरुग्वे स्पेन से हारकर वर्ल्ड कप से बाहर हुआ
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अपने दमदार खेल से स्पेन जैसी टीम को ड्रॉ पर रोकने वाली केप वर्डे फीफा वर्ल्ड कप-2026 में लगातार छा रही है। इस टीम ने शनिवार को सऊदी अरब के साथ एक और गोलरहित ड्रॉ खेलते हुए नॉकआउट दौर में जगह बनाई। वहीं स्पेन के हाथों हार का सामना करने वाली उरुग्वे का सफर खत्म हो गया है।
केप वर्डे को यहां तक पहुंचाने में उसके गोलकीपर वोजिंहा का अहम रोल रहा है। स्पेन के खिलाफ भी उनकी दमदार गोलकीपिंग ने टीम को हार से बचाया और सऊदी अरब के खिलाफ भी उनके दमदार खेल से टीम को नॉकआउट दौर में जाने में मदद मिली। इसी के साथ केप वर्डे वर्ल्ड कप नॉकआउट में पहुंचाने वाला सबसे छोटा देश बन गया है।
नहीं झेली हार
पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही केप वर्डे की टीम ने ग्रुप-एच में तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए राउंड ऑफ 32 का टिकट कटाया है। अभी तक ये टीम इस वर्ल्ड कप में एक भी मैच हारी नहीं है। उसके सभी मैच ड्रॉ रहे हैं। अगले दौर में उसका सामना अर्जेंटीना से होना है। अपने आखिरी लीग मैच में उतर रही ये टीम जानती थी कि अगर वह ड्रॉ हासिल करने में भी सफल रही तो उसका अगले दौर में जाना पक्का है। ह्यूस्टन में खेले गए मुकाबले में इस टीम ने अपना अनुशासित खेल दिखाया।
सऊदी अरब को अगले दौर में जाने के लिए इस मैच में हर हाल में जीत की तलाश थी, लेकिन केप वर्डे के खेल के सामने उसके सारे पैंतरे फेल हो गए। हालांकि, केप वर्डे इस मैच में ज्यादा खतरनाक टीम नजर आई, लेकिन गोल उसके भी हिस्से नहीं आ सका। इस ड्रॉ के बाद ये केप वर्डे की टीम की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और पूरे मैदान पर खिलाड़ियों की खुशी साफ देखी जा सकती थी। मैच के बाद खिलाड़ी और स्टाफ मोबाइल फोन में अपने इस खुशी के पलों को कैद करते हुए नजर आए।
उरुग्वे का सपना टूटा
उरुग्वे के लिए ये वर्ल्ड कप निराशा के साथ खत्म हुआ। स्पेन ने उसे 1-0 से मात देते हुए ग्रुप-ए में पहले स्थान पर रहते हुए अगले दौर का टिकट कटाया। इस मैच का एक मात्र गोल पहले हाफ में आया। 42वें मिनट में उरुग्वे के गोलकीपर फर्नांडो मुसलेरा ने एक गलती की और इसका फायदा एलेक्स बाएना ने उठाते हुए गेंद को नेट में डाल गोल कर दिया। स्पेन को टॉप पर पहुंचाने और उरुग्वे को बाहर करने के लिए ये गोल काफी साबित हुआ।

