ईरान की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने शुरू किया अभ्यास
ऑस्ट्रेलिया में शरण लेने वाली ईरान की दो महिला फुटबॉल खिलाड़ियों, फातिमेह पसंदिदेह और अतेफेह रामेजानीस देह ने ब्रिस्बेन के एक पेशेवर क्लब के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया में शरण के बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक उपस्थिति है। ब्रिस्बेन रोर क्लब ने उनकी तस्वीरें साझा की हैं।

ईरान की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने शुरू किया अभ्यास
डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया में शरण लेने वाली ईरान की महिला फुटबॉल टीम की दो खिलाड़ियों ने ब्रिस्बेन में एक पेशेवर क्लब के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया में शरण लेने के बाद यह पहला अवसर है जबकि वह सार्वजनिक रूप से सामने आई हैं।
ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित ए-लीग महिला घरेलू प्रतियोगिता में खेलने वाली टीम ब्रिस्बेन रोर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं जिनमें ईरान की खिलाड़ी फातिमेह पसंदिदेह और अतेफेह रामेजानीस देह को क्लब की महिला टीम के साथ दिखाया गया है जिसमें उन्होंने क्लब की जर्सी पहन रखी है और वे मुस्कुरा रही हैं।
यह तस्वीर ऐसे समय में सामने आई है जब ईरान की टीम के बाकी सदस्य मलेशिया से ओमान के लिए रवाना हो गए। ऑस्ट्रेलिया ने महिला एशियाई कप में भाग लेने के लिए आई ईरान की फुटबॉल टीम की सभी सदस्यों को मानवीय आधार पर वीजा देने की पेशकश की थी। शुरुआत में सात महिलाओं ने शरण का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया था, लेकिन बाद में पांच ने अपना मन बदल दिया था।

