FIFA World Cup 2026: 'पेले का रिकॉर्ड तो तोड़ दूंगा, लेकिन उस स्तर तक पहुंचना मुश्किल', फ्रांस के स्ट्राइकर ने भरी हुंकार
काइलियन एमबापे की कोशिश फ्रांस को तीसरी बार वर्ल्ड कप खिताब दिलाने की है। एमबापे आगामी वर्ल्ड कप में पेले के रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब हैं। ...और पढ़ें

काइलियन एमबापे
HighLights
काइलियन एमबापे के पास पेले का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
एमबापे का लक्ष्य फ्रांस को वर्ल्ड कप चैंपियन बनाना
एमबापे पहली बार विश्व चैंपियन बनने के लिए प्रतिबद्ध
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अगली पीढ़ी की फुटबॉल के सबसे बड़े सितारे काइलियन एमबापे फ्रांस को तीसरा विश्व कप खिताब जिताने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वह किसी भी हाल में एक और बार विश्व चैंपियन बनना चाहते हैं।
एमबापे इस विश्व कप में पेले जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड तोड़ने के भी बहुत करीब हैं। लेकिन उनका स्पष्ट कहना है कि वह भले ही रिकॉर्ड तोड़ दें, लेकिन उन खिलाड़ियों के स्तर तक पहुंचना आसान नहीं होगा। फीफा विश्व कप 2026 से पहले एमबापे से विशेष बातचीत के प्रमुख अंश:-
सवाल - फ्रांस विश्व कप 2026 जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है, आप क्या सोचते हैं?
जवाब - अगर ऐसा होता है तो सभी लोग खुश रहेंगे। लेकिन विश्व कप में ऐसी बातों से कुछ नहीं होता। विश्व कप जीतना आसान बात नहीं है। ये बहुत मुश्किल काम है और हमें अच्छा खेलना होगा। हां, हमारे पास कमाल के भूखे खिलाड़ियों का बेहतरीन दल है लेकिन हमें ये सब मैदान पर दिखाना होगा। कुछ और भी टीमें हैं जिनके पास ऐसा करने की क्षमता है।
सवाल - क्या आप ऐसी कुछ टीमों का नाम ले सकते हैं?
जवाब - विश्व कप में हर टीम संभावित खतरा है। वो यहां तक आए हैं, आप किसी भी टीम को रेस से बाहर नहीं मान सकते। फिर कुछ ऐसे दिग्गज देश भी हैं जो हमेशा ही विश्व कप में अच्छा खेलते हैं।
सवाल - ऐतिहासिक रूप से देखें तो काफू इकलौते फुटबॉलर हैं जिन्होंने लगातार तीन विश्व कप फाइनल खेले हैं। आप ये चीज दोहरा सकते हैं, बशर्ते फ्रांस 19 जुलाई का फाइनल खेले?
जवाब - ये काफू और ब्राजील के लिए बहुत शानदार उपलब्धि थी। सबसे ज्यादा महत्व टीम का होता है। फाइनल में पहुंचे तो मुझे खुशी होगी। लेकिन जैसा कि मैंने कहा कि हमें अच्छा खेलना होगा। हां, मुझे सपने देखना पसंद है। एक और विश्व कप खेलना महान बात होगी। लेकिन अभी मैं इस बारे में नहीं सोच रहा हूं। हमारा ध्यान टूर्नामेंट की सकारात्मक शुरुआत करने पर है। हमारे पास एक शानदार कोच की कोचिंग में एकदम सही टीम है। इसी कोच ने हमें 2018 और 2022 के फाइनल तक पहुंचाया था।
खबरें और भी
सवाल - आपका पहला मैच सेनेगल से है और और इतिहास कहता है कि फ्रांस 2002 के विश्व कप के पहले ही मैच में सेनेगल से हारा था।
जवाब - देखिए, इतिहास मैच नहीं खेलता है। खिलाड़ी खेलते हैं। इतिहास परिणाम भी नहीं तय कर सकता। यह एक नई शुरुआत होगी और हम किसी भी विपक्षी का सामना करने के लिए तैयार हैं। सेनेगल निश्चित तौर पर बेहतरीन फुटबॉलरों वाली शानदार टीम है। ये बढ़िया मैच होगा जहां दोनों टीमें जीतने के लिए कुछ भी करने को तैयार रहेंगी।
सवाल - फ्रांस को ह्यूगो लोरिस के अनुभव की कमी खलेगी?…
जवाब - निश्चित तौर पर। वह बीते दो बाहर से हमारे कप्तान थे। उन्हीं की कप्तानी में फ्रांस ने 2018 का विश्व कप जीता और 2022 का फाइनल भी खेला। लेकिन उन्होंने संन्यास ले लिया और हमें आगे तो बढ़ना ही था। दुर्भाग्यपूर्ण, लेकिन यही जीवन है। गोल में उनकी मौजूदगी हमेशा हमें भरोसा दिलाती थी।
सवाल - दिदियर डेशचैंप का भी ये मैनेजर के रूप में आखिरी विश्व कप होगा?
जवाब - आप उनका सीवी देखिए, वो बताता है कि डेशचैंप किस तरह के व्यक्ति हैं। वह 1998 में हमारी पहली विश्व विजेता टीम के कप्तान थे। 20 साल बाद उन्होंने मैनेजर के रूप में विश्व कप जीता और चार साल बाद वह एक बार फिर से फाइनल में थे। निश्चित तौर पर डेशचैंप एक लीजेंड हैं।
सवाल - पिछले विश्व कप के फाइनल की रात आप कितने निराश थे?
जवाब - आप इसकी व्याख्या नहीं कर सकते। हम सारे लोग बहुत दिनों से उस रात का इंतजार कर रहे थे। विश्व कप का फाइनल सच में ऐसी रात है जब दुनिया थम जाती है। और किसी चीज का कोई महत्व नहीं रहा। हम जीत के बहुत करीब आकर पेनाल्टी शूटआउट में हार गए। हम सबके दिल टूट गए थे। निराशा हमेशा रहेगी। लेकिन हमें आगे बढ़ना होगा। उस हार से हमें अच्छा खेलने और एक और फाइनल में पहुंचने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
सवाल - एक गोल मारते ही आप टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में पेले से आगे निकल जाएंगे, दो गोल के साथ आप जस्ट फोंटेन को पीछे छोड़ देंगे, जबकि पांच गोल करते ही आप विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में मिरोस्लाव क्लोस का रिकॉर्ड तोड़ देंगे?
जवाब - ये सारे नाम फुटबॉल इतिहास में अतुल्य हैं। उदाहरण के लिए जस्ट फोंटेन ने 1958 विश्व कप में अविश्वसनीय 13 गोल मारे थे। उनका रिकॉर्ड टूट ही नहीं सकता। पेले तीन बार विश्वविजेता टीम के सदस्य थे। साथ ही उनका नाम तो फुटबॉल का पर्याय ही है। आप उनसे ज्यादा गोल कर सकते हैं, लेकिन उनके स्तर तक पहुंचना नामुमकिन है।
जैसा कि आपने बताया, अगर मैं इस विश्व कप में एक-दो या पांच गोल कर पाया तो मुझे खुशी होगी। लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी तब होगी जब हम विश्व कप जीत जाएंगे।
इस स्तर पर किसी देश के लिए एक सफल अभियान से ज्यादा खुशी की कोई बात नहीं हो सकती। मैं 2018 में इसका हिस्सा रह चुका हूं, और अगर मेरी टीम 2026 में तीसरा खिताब जीतती है तो मैं इस दुनिया का सबसे खुश व्यक्ति रहूंगा।