Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    FIFA World Cup 2026: हैरी केन को इंग्‍लैंड के चैंपियन बनने की उम्‍मीद, 'ग्रुप ऑफ डेथ' से निपटने का प्‍लान तैयार

    Updated: Tue, 09 Jun 2026 07:10 AM (IST)

    इंग्‍लैंड के कप्‍तान हैरी केन ने आगामी फीफा वर्ल्‍ड कप 2026 में बेहतर प्रदर्शन की उम्‍मीद जताई है। केन ने कहा कि उनकी टीम चुनौतियों से निपटने को तैयार ...और पढ़ें

    हैरी केन

    हैरी केन

    HighLights

    1. हैरी केन तीसरी बार वर्ल्‍ड कप में इंग्‍लैंड की कप्‍तानी करेंगे

    2. हैरी केन को आगामी टूर्नामेंट में इंग्‍लैंड से बेहतर प्रदर्शन की उम्‍मीद

    3. केन ने कहा कि अनुमान लगाना मुश्‍किल है कि कहां तक टीम पहुंचेगी 

    स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। लगातार तीसरे फुटबॉल विश्व कप में इंग्लैंड की कप्तानी करने जा रहे हैरी केन को अपनी टीम और मुख्य कोच टामस ट्यूशेल से बहुत उम्मीदें हैं। साथ ही वह टीम के हालिया प्रदर्शन से भी खुश हैं, लेकिन विश्व कप पर दावा करने से पहले हैरी ग्रुप चरण में मिलने वाली चुनौती से निपटना चाहते हैं।

    विश्व कप से पहले इंग्लैंड की महत्वाकांक्षाओं और उनकी टीम से लगी उम्मीदों पर हैरी केन से विशेष बातचीत हुई। प्रस्तुत हैं प्रमुख अंश:

    सवाल - इंग्लैंड के कप्तान के रूप में ये आपका तीसरा विश्व कप है, इसे जीतने के लिए आप कितने आश्वस्त हैं?

    जवाब - विश्व कप में तीसरी बार अपने देश का नेतृत्व करना निश्चित तौर पर मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। पेशेवर फुटबॉलर के रूप में जब मेरा करियर शुरू हुआ था तो मैंने विश्व कप में इंग्लैंड के लिए खेलने का सपना देखा था। अब ये एक कप्तान के रूप में मेरा तीसरा विश्व कप है। मैंने इसका तो सपना भी नहीं देखा था।

    तीनों बार हमने जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया लेकिन सफल नहीं हो पाए। इस साल भी महत्वाकांक्षा वही है। ये अनुमान लगाना मुश्किल है कि हम कहां तक जाएंगे, लेकिन इच्छाशक्ति तो है। इंग्लैंड हमेशा जीतने के लिए खेलता है।

    सवाल - 48 टीमों के साथ विश्व कप जीतना थोड़ा मुश्किल है?

    जवाब - विश्व कप जीतना हमेशा से मुश्किल रहा है, इस पर तो कोई प्रश्न ही नहीं है। हां, इस बार विजेता को नॉकआउट में एक मैच अतिरिक्त खेलना होगा। इससे थोड़ी मुश्किल तो बढ़ेगी। लेकिन विश्व कप में ज्यादा देशों का होना अच्छी बात है। ज्यादा देश, ज्यादा चुनौती। अगर हमें सर्वश्रेष्ठ बनना है तो सर्वश्रेष्ठ टीमों को हराना होगा।

    खबरें और भी

    सवाल - साल 2018 में आपकी कप्तानी में इंग्लैंड सेमीफाइनल हार गया था। अभी तक आपकी कप्तानी में टीम इससे आगे नहीं जा पाई है। इस साल तो आपने गोल्डन बूट भी जीता था?

    जवाब - हां, ये हम सबके लिए दिल तोड़ने वाली बात थी। क्रोएशिया से अतिरिक्त समय में हारे, मारियो मेंजुकिक ने 109वें मिनट में गोल दागकर हमारा सपना तोड़ दिया। लेकिन हमने अपनी गलतियों से सीखा और बाकी टूर्नामेंटों में अच्छा खेला। हम 2021 और 2024 में यूरो कप के फाइनल तक पहुंचे। हालांकि हम इसे जीत नहीं पाए लेकिन महाद्वीपीय टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंचना भी बड़ी उपलब्धि है।

    सवाल - फ्रांस के विरुद्ध 2022 विश्व कप में पेनाल्टी चूकने से आप कितने निराश थे?

    जवाब - उस वक्त तो लगा था कि ये मेरे करियर का सबसे निचला स्तर है। हम विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में 1-2 से पीछे थे, मौके ने हमारे दरवाजे पर दस्तक दी। मैं चूक गया। हालांकि, बाद में इसने मुझे मजबूत बनाया। मुझे पेनाल्टी लेने की अपनी तकनीक में थोड़ा बदलाव करना पड़ा। और फिर मैंने अगली 30 या उससे अधिक पेनाल्टी में एक भी मिस नहीं की। और मैंने अपने देश के साथ क्लब के लिए भी पेनाल्टी लेना जारी रखा। इससे मुझे मानसिक तौर पर मदद मिली।

    सवाल - इंग्लैंड के पास इस विश्व कप में टामस ट्यूशेल के रूप में नया कोच होगा?

    जवाब - वो जर्मनी के क्लब बायर्न म्यूनिख में भी थे। मेरे इस क्लब से जुड़ने के कारणों में एक उनका वहां होना भी था। हमारी आपसी समझ बहुत कमाल की थी। उन्होंने एकदम अलग तरीके से मेरा इस्तेमाल किया। ये चीज उनके बायर्न छोड़कर इंग्लैंड का कोच बनने के बाद भी जारी रही। उनका हेड कोच के रूप में हमारे साथ होना काफी उत्साहित करने वाला है।

    सवाल - नए कोच और कुछ नए चेहरों के साथ क्या इंग्लैंड इस बार विश्व विजेता बन सकता है?

    जवाब - लक्ष्य तो वहां तक पहुंचने का ही है। लेकिन मुश्किल होगी। खिलाड़ियों, कोचों और टीमों के लिए विश्व कप सबसे कठिन चुनौती होता है। हमें अच्छे से समझने वाले कोच के साथ हमारे पास कुछ बेहतरीन नए चेहरे भी हैं। हमारे कोच को पता है कि खिलाड़ियों का इस्तेमाल कैसे करना है।

    सवाल - कहा जा रहा है कि क्रोएशिया, घाना और पनामा के साथ इंग्लैंड ग्रुप ऑफ डेथ में है?

    जवाब - सच है। हम क्रोएशिया के विरुद्ध शुरुआत करेंगे। उन्होंने 2018 में फाइनल और 2022 में सेमीफाइनल खेला था। मैच से पहले 2018 में उन्हीं के विरुद्ध आई हमारी हार की चर्चा फिर से होगी। लुका मोड्रिक और उनकी टीम फिर से वो मैच दोहराना चाहेगी। घाना बहुत मजबूत है जबकि पनामा ने दुनिया को चौंकाने की तैयारी कर रखी है।

    जब आप नए अभियान की शुरुआत क्रोएशिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ करते हैं, तो आपको शुरू से ही हावी होना पड़ता है। हम ग्रुप चरण में बढ़िया करने की उम्मीद में हैं।

    सवाल - आप ग्रुप में शीर्ष पर रहें तो भी नॉकआउट्स मुश्किल होंगे?…

    जवाब - ईमानदारी से कहूं तो हम मैच दर मैच चलने पर यकीन करते हैं। विश्व कप में तो वैसे भी चीजें मैच दर मैच ही चलती हैं। इसलिए हम तीन ग्रुप स्टेज मैचों पर ध्यान दे रहे हैं। हर टीम चुनौती देगी, खासतौर से विश्व कप में। इसलिए ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। हमें पहले शुरू से शुरू करने दीजिए।

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: युवा और अनुभवी खिलाड़ी मिलकर बनाएंगे पुर्तगाल को विश्व चैंपियन: क्रिस्टियानो रोनाल्डो

    यह भी पढ़ें- 48 टीमें, 104 मैच, 1 लाख 29 हजार करोड़ का कुल खर्च...11 जून से शुरू होगा इतिहास का दूसरा सबसे महंगा FIFA वर्ल्ड कप

    यह भी पढ़ें- कोई खुद से बनाता बिजली तो किसी का घोड़े की नाल जैसा आकार, FIFA World Cup 2026 के 16 स्टेडियमों की क्या है खासियत?