Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Fifa World Cup 2026: लगातार दूसरा खिताब जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, विश्‍व कप से पहले मेसी ने भरी हुंकार

    Updated: Thu, 04 Jun 2026 09:45 PM (GMT+05:30)

    फुटबॉल के जादूगर कहे जाने वाले लियोन मेसी लगातार दो बार विश्व कप जीतने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक बनने के लिए तैयार हैं। ...और पढ़ें

    लियोन मेसी

    लियोन मेसी

    HighLights

    1. दूसरे खिताब पर मेसी की नजर

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फुटबॉल के जादूगर कहे जाने वाले लियोन मेसी लगातार दो बार विश्व कप जीतने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक बनने के लिए तैयार हैं। कतर में दुनिया जीतने के बाद मेसी ने विश्व कप 2026 के लिए कमर कस ली है। अर्जेंटीना को 36 साल बाद विश्व चैंपियन बनाने वाले मेसी आज भी उस खिताब को बहुत खास मानते हैं।

    लेकिन उनका मानना है कि लगातार दो विश्व कप जीत पाना आसान नहीं होगा। मेसी ने अपने समर्थकों को यकीन दिलाया है कि टीम विश्व कप जीतने के लिए अपनी कोशिशों में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। फीफा विश्व कप को लेकर मेसी ने खास बातचीत की। प्रस्तुत है प्रमुख अंश

    कतर में 18 दिसंबर 2022 की तारीख कितना महत्वपूर्ण थी?

    हम सभी अर्जेंटीना के निवासियों के लिए सबसे खास रातों में से एक, ये मेरे और मेरी टीम के लिए बहुत बहुत खास रात थी। साल 1986 के बाद हमने हर बार इसे जीतने के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन हमें खाली हाथ लौटना पड़ता था। उस रात लुसैल स्टेडियम में हम सभी का सपना सच हुआ। हमें इसके लिए 36 साल तक इंतजार करना पड़ा था। इस चीज ने जीत को ज्यादा खास बना दिया।

    आपके नेतृत्व में अर्जेंटीना अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में एक और विश्व कप खेलने जा रही है। आप पहली बार इस टूर्नामेंट में गत विजेता के रूप में उतरेंगे, इससे दबाव बढ़ गया है?

    अर्जेंटीना के लिए खेलना मेरे लिए हमेशा से गर्व की बात रही है। मैंने हमेशा ही ये कहा है और इसका पूरा लुत्फ उठाया है। हां, ऐसे मौके आए जब हमने अच्छा नहीं किया, अपने चाहने वालों को संतुष्ट नहीं कर पाए। लेकिन मैदान पर हमने हमेशा ही अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है।

    खबरें और भी

    बीते कुछ साल बेहतरीन रहे हैं क्योंकि इस दौरान हमने तीन बड़े खिताब- एक विश्व कप और दो कोपा अमेरिका जीते हैं। देश के लिए कुछ हासिल करना बहुत कमाल का एहसास है। हमें दोबारा से यही करने की कोशिश करनी चाहिए। हालांकि इस बार चीजें अलग होंगी क्योंकि हमारे विपक्षी इस बार हमारे साथ गत विजेता की तरह व्यवहार करेंगे और हमें कठिन चुनौती के लिए तैयार रहना होगा।

    अर्जेंटीना के विश्व कप जीतने में हमेशा ही कोच और कप्तान के बीच के खास रिश्तों का महत्व रहा है। लुइस सेजार मेनोत्ती के पास डैनिएल पासारेया थे जबकि कार्लोस बिलार्डो को जब भी समस्या होती वह तुरंत डिएगो माराडोना की ओर जाते थे। क्या आपके और लियोन स्कोलानी के संबंध भी ऐसे ही हैं?

    देखिए, हम 2006 विश्व कप में साथ ही खेले थे। स्कोलानी तब वहां मेरे सीनियर थे और मैं एक बच्चा था। वह कमाल के साथी थे। उनके पास हमेशा ही कुछ ना कुछ मजाकिया कहने को होता ही था और हम सारे उनकी बातें सुनकर बस हंसते थे। मैनेजर बनने के बाद वह काफी बदल गए हैं लेकिन उनके काम करने का तरीका अब भी वैसा ही है। वह खिलाड़ियों से सीधी बातचीत करते हैं, उन्हें बताते हैं कि वह क्या चाहते हैं। ये जाहिर तौर पर कमाल है। उन्हें पता है कि पहले और मैच के दौरान क्या करना है। उनका विजन साफ है। टीम के बाकी सदस्यों की तरह मैं भी उनसे बातचीत करते हुए अच्छा महसूस करता हूं।

    बार्सिलोना में भी आपका पेप गार्डिओला के साथ खास रिश्ता था?

    पेप एक कोच के रूप में असाधारण हैं। आप खुद उनका काम देखिए। ना सिर्फ उनकी टीमें अलग खेलती हैं, बल्कि उन्होंने जर्मनी और इंग्लैंड में फुटबाल खेलने का तरीका भी बदल दिया है। ये बहुत बड़ी बात है। स्कालोनी अपने तरीके से बेहतरीन हैं। उन्होंने हमें खुद पर यकीन करने में मदद की। उन्होंने ये टीम बनाई है।

    अर्जेंटीना के फुटबॉल खिलाड़ियों को पता है कि वह जहां भी खेल रहे हैं, स्कालोनी की नजर उन पर है। अगर कोई खिलाड़ी अच्छा होगा तो उसे बुलावा आना ही है। यह एक अतिरिक्त प्रेरणा है। उनकी बातचीत करने की कला अद्भुत है। वो भी असाधारण हैं। हम एक-दूसरे पर बहुत भरोसा करते हैं।

    क्या अर्जेंटीना अपना खिताब बरकरार रख सकती है?

    ये बात तो कोई नहीं कह सकता। ये विश्व कप है, फुटबाल का महानतम टूर्नामेंट और सारी टीमें इसे जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगी। हां, हम उसी तरह से तैयारी कर रहे हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। लेकिन फुटबॉल में आप भविष्यवाणी नहीं कर सकते।

    हमारे पास बेहतरीन खिलाड़ियों का मजबूत दल है तो और सफलता के लिए भूखे हैं। वो चैंपियन हैं लेकिन उन्हें और चाहिए। इससे ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत बेहतरीन हो जाता है और इसके लिए स्कालोनी और उनके सहयोगी खूब तारीफ के हकदार हैं।

    आने वाले विश्व कप में कौन सी टीमें अर्जेंटीना की पार्टी खराब करने की क्षमता रखती हैं?

    जाहिर तौर पर फ्रांस वहां है। वो बीते दो बार से फाइनल खेल रहे हैं। एक बार उन्होंने विश्व कप जीता भी। फिर स्पेन की टीम भी है, जिनके पास अद्भुत प्रतिभा के धनी फुटबालरों का जमावड़ा है। ब्राजील सालों से खिताब जीतने के इंतजार में है। वो बहुत बेताब होंगे, ठीक यही हाल जर्मनी और इंग्लैंड का भी है।

    आपके और टीम के पीछे खड़े अर्जेंटीनी प्रशंसकों को एक बार फिर से सफलता की उम्मीद होगी…

    यह पूरी तरह से नैसर्गिक है। मुझे ये बहुत अच्छे से पता है। अगर आपको याद हो, जब हम कतर में अपना पहला मैच हार गए थे तो मैंने लगातार प्रशंसकों से टीम का समर्थन करने की मांग की थी। क्योंकि मैं अपने साथियों को बहुत अच्छे से जानता था और मुझे उनकी क्षमता पर पूरा भरोसा था।

    हमारे प्रशंसक हमारे समर्थन में खड़े रहे और हम विश्व कप जीतने के अपने प्रयासों में सफल रहे। वो एक बार फिर से इसी की उम्मीद कर रहे होंगे, लेकिन ये कभी भी आसान नहीं होता। मेरे लिए अतीत से ज्यादा महत्व भविष्य का है। हम वादा करते हैं कि हम हमेशा की तरह अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। बाकी देखा जाएगा। (पीएमजी)

    यह भी पढ़ें- 2 नहीं बल्कि 4 ब्रेक, फुटबॉल वर्ल्‍ड कप में नए नियम के हिसाब से खेले जाएंगे मुकाबले; फाइनल में होगा एकदम नया ट्विस्‍ट

    यह भी पढ़ें- विश्व कप खिताब की रक्षा करना आसान नहीं, मेसी पर पूरा भरोसा: लियोनेल स्कालोनी