विश्व कप खिताब की रक्षा करना आसान नहीं, मेसी पर पूरा भरोसा: लियोनेल स्कालोनी
अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने विश्व कप खिताब की रक्षा करने की चुनौती पर बात की है। उन्होंने लियोनेल मेसी की क्षमताओं पर भरोसा जताया, लेक ...और पढ़ें
-1780494238110_m.webp)
लियोनेल मेसी पर रहेंगी नजरें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अर्जेंटीना फुटबॉल टीम के मुख्य कोच लियोन स्कालोनी विश्व कप खिताब की रक्षा करने के लिए तैयार हैं। साल 2022 में अर्जेंटीना को विश्व चैंपियन बनाने वाले स्कालोनी को अपने तालिस्मान लियोन मेसी की क्षमताओं पर पूरा भरोसा है। हालांकि वह मानते हैं कि लगातार दो बार फुटबॉल विश्व कप जीतना आसान नहीं होगा। नॉकआउट चरण से ज्यादा स्कालोनी ग्रुप चरण की चिंता कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि वह इस विश्व कप में किन टीमों को दावेदार मान रहे हैं।
फीफा विश्व कप को लेकर स्कालोनी से विशेष बातचीत की। प्रस्तुत हैं प्रमुख अंश:
सवाल- आप मौजूदा विश्व चैंपियन के रूप में अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा जा रहे हैं, क्या इससे अतिरिक्त दबाव आता है?
लियोन स्कालोनी- अर्जेंटीना राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच पर हमेशा ही प्रशंसकों की अपेक्षाओं पर खरे उतरने का दबाव रहता है। हां हम विश्व चैंपियन हैं, हमने कतर में विश्व कप जीता था, लगभग चार साल पहले, लेकिन जब हम दोबारा मैदान पर उतरेंगे तो इसका कोई अर्थ नहीं रहेगा। हमें एक नई शुरुआत की जरूरत होगी। मैंने पहले ही अपने लड़कों को बोल दिया है कि इस बार हमारे साथ टीमों का व्यवहार अलग होगा क्योंकि हम चैंपियंस हैं।
सवाल- कतर में आपने जो किया, क्या वो भूल पाना सच में संभव है?
लियोन स्कालोनी- ये एक अलग मसला है। हमने जो कतर में किया वो कोई भी नहीं भूल सकता। लेकिन एक टीम के रूप में हमें दोबारा शून्य से शुरू करना होगा। मेरे लिए पिछले रिकॉर्ड कोई महत्व नहीं रखते। विशेषतौर से जब हम एक और टूर्नामेंट खेलने जा रहे हैं। यह ऐसी प्रतियोगिता है जिसका इंतजार पूरी दुनिया को रहता है। हमने अच्छा प्रदर्शन कर इसमें खेलने की योग्यता हासिल की। अब हमें फिर से अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हुए मैदान पर अपनी पूरी क्षमता झोंक देनी होगी।
सवाल- आप लुइस सेजार मेनोत्ती और कार्लोस बिलार्डो के बाद अपने विश्व कप खिताब की रक्षा करने उतरने वाले तीसरे अर्जेंटीनी कोच होंगे। मेनोत्ती की अर्जेंटीना 1982 में कुछ खास नहीं कर पाई थी, जबकि बिलार्डो ने 1990 में एक और फाइनल खेला। आप खुद को कहां देखना चाहेंगे?
खबरें और भी
लियोन स्कालोनी- लुइस सेजार मेनोत्ती और कार्लोस बिलार्डो ने अर्जेंटीना के साथ जो भी हासिल किया, मैं उसके करीब भी नहीं हूं। उन्होंने अपनी सोच और नतीजों के दम पर अपने-अपने दौर में इतिहास रचा। हां, ये अर्जेंटीना फुटबॉल टीम के कोच के रूप में मेरा दूसरा विश्व कप होगा और मैं टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा।
सवाल- इतिहास कहता है कि खिताब की रक्षा करने उतरी अर्जेंटीना ने 1982 विश्व कप का पहला मैच बेल्जियम के हाथों गंवाया, जबकि 1990 में कैमरून ने उन्हें पहले ही मैच में मात दी। इस बार आपके सामने अल्जीरिया की टीम होगी, क्या उम्मीद करें?
लियोन स्कालोनी- सच है कि हम बेल्जियम और कैमरून से हार चुके हैं। हमने 2022 में भी अपना पहला मैच हारा था (सऊदी अरब से) लेकिन हमने वापसी की और सारे मैच जीतते हुए चैंपियन बने। ये पिछली बातें हैं। 2026 का विश्व कप नई चीज है और हमारे लिए इसकी शुरुआत दो हफ्तों में होगी। हम यहां पहुंच चुके हैं। ग्रुप चरण में अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया और जार्डन- तीन मजबूत विपक्षियों के विरुद्ध खेलेंगे। विश्व कप में ये आम बात है, कोई भी विपक्षी हल्का नहीं होता। मैच की समाप्ति तक हमें अपने सर्वश्रेष्ठ पर रहना होगा।
सवाल- पहले नॉकआउट मैच में अर्जेंटीना के सामने उरुग्वे या स्पेन हो सकता है जबकि क्वार्टर फाइनल में आपको पुर्तगाल की टीम मिल सकती है?
लियोन स्कालोनी- क्या इसका अर्थ है कि हम पहले ही विश्व कप के अंतिम-8 में पहुंच चुके हैं? नहीं, बिल्कुल भी नहीं। ये सारा गणित कागज पर है जबकि फुटबॉल मैदान में खेली जाती है। इस वक्त मैं सिर्फ ग्रुप चरण के अपने तीनों विपक्षियों को लेकर चिंतित हूं। हम मैच दर मैच चलना चाहेंगे। जब हम नॉकआउट तक पहुंच जाएंगे, तभी वहां के विपक्षियों के बारे में सोचा जाएगा।
सवाल- ये विश्व कप 48 टीमों के बीच में होगा, जिसका अर्थ है कि चैंपियन बनने के लिए एक टीम को आठ मैच खेलने होंगे, कतर में ये संख्या सात ही थी?
लियोन स्कालोनी- मेरे लिए विश्व कप में ज्यादा टीमों को देखना अच्छी बात है। हां, चैंपियन बनने के लिए अब नॉकआउट में एक मैच और खेलना होगा। लेकिन ये भी ठीक ही है क्योंकि आप अगले चार साल तक विश्व चैंपियन कहे जाएंगे। मैचों के बीच में सही रिकवरी टाइम और बेहतर विश्राम के साथ चैंपियंस के लिए ये बुरी बात नहीं है।
सवाल- अर्जेंटीना के अलावा और कौन सी टीमें आगे तक जा सकती हैं?
लियोन स्कालोनी- विश्व कप में आश्चर्यजनक घटनाएं घटती रहती हैं। आप इस बात की भविष्यवाणी नहीं कर सकते कि फाइनल कौन खेलेगा। लेकिन कागज पर कुछ टीमों के पास वहां तक जाने की प्रतिभा है। जैसे फ्रांस, जिन्हें पिछले फाइनल में हार मिली थी। स्पेन, जो मौजूदा यूरोपियन चैंपियन है। अच्छे खिलाड़ियों से भरी पुर्तगाल की टीम जिनके पास क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी हैं। साथ में ब्राजील और जर्मनी के नाम विश्व कप के इतिहास में बहुत सी उपलब्धियां हैं।
सवाल- 38 साल की उम्र में आपके कप्तान लियोन मेसी कतर वाला अपना प्रदर्शन दोहरा पाएंगे?
लियोन स्कालोनी- देखिए, वो कमाल के हैं और वो वही करेंगे जो इतने सालों से करते आए हैं। हम बस इतना चाहते हैं कि वो खुश रहें और अपना नैसर्गिक खेल खेलें। उन्हें खेलते देखना हमारे फुटबॉल से इतना ज्यादा प्रेम करने के कारणों में से एक है।