Brazil vs Norway: हालैंड के दो गोल और नॉर्वे ने ब्राजील को दिखाया बाहर का रास्ता, 36 साल बाद हुआ ऐसा; टूटे नेमार ने कहा अलविदा
एर्लिंग हालैंड के दो गोल की मदद से नॉर्वे ने ब्राजील को 2-1 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया। इस हार के बाद नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल ...और पढ़ें

ब्राजील को मिली न भूलने वाली हार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एर्लिंग हालैंड के दो गोल के दम पर नॉर्वे ने पांच बार की विजेता ब्राजील को 2-1 से मात देते हुए फीफा वर्ल्ड कप-2026 से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। राउंड-16 का ये मैच जीतते हुए नॉर्वे ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। ब्राजील की हार से दुखी उसके दिग्गज नेमार ने मैच के बाद इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का एलान भी कर दिया।
ब्राजील को इस मैच के पहले हाफ में ब्रूनो गुइमारेज द्वारा मिस गई पेनल्टी जाहिर तौर पर अखर रही होगी। अगर वो गोल हो जाता तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था। हालांकि, हालैंड ने अपनी टीम के लिए मौके नहीं गंवाए और 79वें मिनट में गोल करते हुए टीम को आगे कर दिया। 90वें मिनट में उन्होंने एक और गोल किया। इंजुरी टाइम में ब्राजील को पेनल्टी मिली जिसपर नेमार ने गोल किया। इसके बाद उम्मीद जगी कि शायद ब्राजील एक गोल और कर मैच को पेनल्टी शूटआउट में ले जाए, लेकिन ये फैंस के लिए सिर्फ सपना ही साबित हुए।
1990 के बाद हुआ पहली बार
ये 1990 के बाद पहली बार है जब ब्राजील की टीम क्वार्टर फाइनल से पहले वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है। नॉर्वे से इस तरह के खेल की उम्मीद किसी ने नहीं की थी। इससे भी ज्यादा ब्राजील से ये उम्मीद नहीं थी कि वह इतनी जल्दी टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। नॉर्वे ने ब्राजील को शुरू से ही परेशान किया। मैच के चौथे मिनट में ही पैट्रिक बर्ग ने नॉर्वे के लिए गोल कर ही दिया था, लेकिन रेफरी ने एलेक्जेंडर सोरलोथ को ऑफसाइड करार दे दिया।
ब्राजील ने अपनी गति तेज की और नॉर्वे के घेरे में अटैक करना शुरू किया। 15वें मिनट में उसे पेनल्टी मिली जिसे गुइमारेज मिस कर गए और यहां ब्राजील ने बढ़त हासिल करने का आसान मौका गंवा दिया। नॉर्वे के गोलकीपर ओरजान नायलैंड ने ये पेनल्टी बचाई। इसी गोलकीपर ने विनिसियस जूनियर को भी 35वें मिनट में गोल करने से रोक दिया। नॉर्वे की जीत में हालैंड का रोल जितना अहम रहा उतना ही उनके गोलकीपर का। पहले हाफ में दोनों ही टीमें बिना गोल के रहीं।
खबरें और भी
दूसरे हाफ में मचा शोर
दूसरे हाफ में बिना गोल के उतरी दोनों टीमें अपना खाता खोलने को बेताब थीं। एंड्रिक ने 58वें मिनट में कु्न्हा को रिप्लेस किया और इस खिलाड़ी ने ब्राजील के लिए गोल लगभग कर ही दिया था, लेकिन वह गोलकीपर के साथ वन-ऑन-वन खेलने के बाद गेंद को टारगेट पर नहीं रख पाए। 10 मिनट बाद नेमार की मैदान पर एंट्री हुई, लेकिन नॉर्वे ने उन्हें बांधे रखा। 70वें मिनट में नॉर्वे को कॉर्नर मिला और हालैंड ने इस पर गोल कर दिया। 20 मिनट बाद हालैंड ने एक और गोल करते हुए नॉर्वे को आगे कर दिया। इसी के साथ हालैंड के सात गोल हो गए हैं और वह फ्रांस के किलियन एमबापे, अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी के साथ गोल्डन बूट की रेस में हैं।