पाकिस्तान को रौंदने के बाद बांग्लादेश की चुनौती के लिए तैयार भारत, अंक तालिका में पहला स्थान हासिल करना चाहेगी टीम इंडिया
पाकिस्तान पर जीत के बाद भारतीय टीम सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप के ग्रुप-बी में बांग्लादेश से भिड़ेगी। भारत पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, लेकिन यह मुकाबला ग्रुप में शीर्ष स्थान के लिए महत्वपूर्ण है।

भारतीय टीम
HighLights
भारत का सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप में बांग्लादेश से मुकाबला
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की
ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान के लिए भारत को ड्रॉ चाहिए
एएनआई, माले। पाकिस्तान पर शानदार जीत से उत्साहित भारतीय टीम अब शनिवार को नेशनल फुटबॉल स्टेडियम में सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप के ग्रुप-बी के अपने अंतिम मुकाबले में बांग्लादेश की चुनौती का सामना करेगी। भारत ने पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है, लेकिन यह मुकाबला बेहद अहम है क्योंकि ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान दांव पर है।
भारत को शीर्ष पर रहने के लिए ड्रॉ भी पर्याप्त होगा, जबकि बांग्लादेश को शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए जीत दर्ज करनी होगी। भारत के मुख्य कोच महेश गावली ने कहा कि पाकिस्तान के विरुद्ध अच्छा मैच था। हमने दूसरे हाफ में बेहतर खेल दिखाया और मुकाबले पर नियंत्रण रखा।
भारतीय कोच ने बताई रणनीति
रक्षात्मक रूप से हम संगठित थे और हमारे गोलकीपर ने शानदार प्रदर्शन किया। लेकिन अब हमारा ध्यान आगे है। हर टीम मजबूत है और किसी भी दिन कोई भी टीम जीत सकती है। हम किसी को हल्के में नहीं लेते। क्वालीफिकेशन सुनिश्चित करने के बाद भारत इस मैच को नाकआउट चरण से पहले अपनी तैयारियों को और मजबूत करने का अवसर भी मान रहा है।

