विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वडोदरा में गे डेटिंग ऐप के जरिए संपर्क में आए दो दोस्त, होटल के कमरे में एक ही रहस्यमयी मौत

Published: Wed, 19 Aug 2026 03:33 PM (IST)

वडोदरा के एक होटल में 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, पुलिस ने बताया कि वह ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)

HighLights

  1. वडोदरा होटल में 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत।

  2. गे डेटिंग ऐप के जरिए मिले दोस्त के साथ रुका था।

  3. पुलिस ने दोस्त को हिरासत में लिया, जांच जारी।

डिजिटल डेस्क, वडोदरा। गुजरात के वडोदरा शहर के दांडिया बाजार इलाके में स्थित 'होटल विंटेज इन' के एक कमरे में 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दो युवक एक गे डेटिंग ऐप (Gay Dating App) और व्हाट्सएप (WhatsApp) के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सयाजी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।

देर रात बिजली गुल होने पर बदला था कमरा

प्राप्त विवरण के अनुसार, वडोदरा के पानीगेट इलाके का रहने वाला 29 वर्षीय गुलाम मुस्तफा खुर्शीद अहमद नैयर और भायली गांव का एक अन्य युवक बीती रात दांडिया बाजार स्थित होटल विंटेज इन में आए थे। होटल में चेक-इन करने के बाद शुरुआत में उन्हें कमरा नंबर 304 आवंटित किया गया था। हालांकि, देर रात करीब 3:00 बजे अचानक बिजली गुल हो जाने के कारण उन्हें कमरा नंबर 302 में शिफ्ट कर दिया गया था।

शौचालय में गिरने से हुई मौत

इस घटना में नया मोड़ तब आया जब कथित तौर पर कमरे के शौचालय (टॉयलेट) में अचानक गिर जाने से गुलाम मुस्तफा की मौत हो गई। पुलिस को आशंका है कि मृतक ने किसी तरह का नशा किया हुआ था, जिसके प्रभाव में वह संतुलन खो बैठा। गुलाम मुस्तफा की मौत होने की जानकारी उसके साथ कमरे में ठहरे दोस्त ने ही तुरंत होटल संचालकों और स्थानीय पुलिस को दी थी।

रावपुरा पुलिस ने शुरू की जांच, दोस्त हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी अशोक राठवा और रावपुरा पुलिस का काफिला तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों युवक समलैंगिक हैं और पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे से जुड़े हुए थे।

रावपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक के दोस्त को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ (अकस्मात मौत) का मामला दर्ज किया है।

होटल के कमरे से युवक का शव मिलने की खबर फैलते ही होटल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस रहस्यमयी मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

यह भी पढ़ें: गुजरात पुलिस ने 45 साल बाद धर दबोचा बस लूट का मास्टरमाइंड, पहचान बदलकर देता रहा चकमा