पीलिया से बच्ची की मौत के बाद अंबाला में बढ़ा संक्रमण का खतरा, दूसरे दिन सर्वे में मिले बुखार के सात नए मरीज
शहजादपुर के कश्यप मोहल्ले में पीलिया से बच्ची की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बरकरार है। लगातार दूसरे दिन सर्वे में सात नए बुखार के मरीज मिले। ...और पढ़ें
-1785924824087_m.webp)
पीलिया से बच्ची की मौत के बाद अंबाला में बढ़ा संक्रमण का खतरा। फोटो जागरण
HighLights
पीलिया से बच्ची की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग चिंतित।
दूसरे दिन सर्वे में सात नए बुखार के मरीज मिले।
पानी की जांच रिपोर्ट का इंतजार, संक्रमण का खतरा बरकरार।
संवाद सहयोगी, शहजादपुर (अंबाला)। कश्यप मोहल्ले में 12 वर्षीय आरती की पीलिया से मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता अभी कम होती नहीं दिख रही। लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी विभाग की टीम ने घर-घर सर्वे कर सात नए बुखार के मरीज चिह्नित किए।
राहत की बात यह रही कि इन मरीजों में पीलिया का कोई नया मामला सामने नहीं आया, लेकिन लगातार दो दिनों में 18 लोगों का बुखार से पीड़ित मिलना इस बात का संकेत है कि इलाके में संक्रमण का खतरा पूरी तरह टला नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को किए गए सर्वे में 11 बुखार के मरीजों की पहचान की थी, जिनमें दो लोगों में पीलिया के लक्षण मिले थे। मंगलवार को दोबारा सर्वे के दौरान सात नए बुखार के मरीज मिले। पूछताछ में सभी ने बताया कि उन्हें एक दिन पहले ही बुखार आया है। टीम ने मौके पर ही दवा उपलब्ध कराई और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया।
यह टीम पहुंची थी कश्यप मोहल्ले में
एसएमओ डाक्टर गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम में हेल्थ इंस्पेक्टर राजेंद्र सोनी, एमपीएचडब्ल्यू गुरमीत सिंह, मनवीर सिंह, बीता शर्मा और लैब टेक्नीशियन सोनिया शामिल रहे। टीम ने पूरे मोहल्ले में घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच की, हैलोजन की गोलियां वितरित कीं और लोगों से केवल उबला हुआ पानी पीने की अपील की।
खबरें और भी
टीम ने पेयजल के नमूने भी एकत्र किए हैं। अभी बैक्टीरियोलाजिकल जांच रिपोर्ट नहीं आई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पानी में किसी प्रकार के हानिकारक बैक्टीरिया की मौजूदगी है या नहीं। मंगलवार को भी नए सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए।
इन्हें हुई बुखार की पुष्टि
मंगलवार के सर्वे में राम सिंह, राम कुमार, सुनील कुमार, सुनील कुमार तथा जसविंद्र सिंह सहित सात लोगों में बुखार पाया गया। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी निगरानी की जा रही है।
आरती की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात बढ़ा दिए हैं, लेकिन लगातार सामने आ रहे बुखार के नए मामलों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि स्थिति पर अभी लगातार नजर रखने की जरूरत है। अब पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग की निगाहें पानी की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे आगे की कार्रवाई तय होगी।