अंबाला: छात्रा से वारदात से पहले महिला को बनाना चाह रहा था शिकार, ग्रुप में होने से बची; पुलिस ने बताया साइको
अंबाला में 14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में आरोपी अमित (25) को गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। ...और पढ़ें

अंबाला: छात्रा से वारदात से पहले महिला को बनाना चाह रहा था शिकार (फाइल फोटो)
HighLights
14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास का मामला।
आरोपी अमित हरिद्वार निवासी, जीरकपुर में रहता था।
छात्रा ने साहस दिखाकर खुद को आरोपी से बचाया।
जागरण संवाददाता, अंबाला। सातवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में आरोपित की 11वें दिन पहचान हो गई। आरोपित उत्तराखंड के हरिद्वार के गांव हरजौली थाना मंगलौर का रहने वाला अमित (25 वर्ष) है। उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपित साइको है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित पिछले कुछ समय से पंजाब के जीरकपुर में किराये पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार वह शादीशुदा है। जांच में यह भी सामने आया है कि 28 जुलाई को घटना वाले दिन आरोपित ने पहले एक मोटरसाइकिल चोरी की। इसके बाद वह अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हीलिंग टच अस्पताल के पास पहुंचकर काफी देर तक अकेली महिला या छात्रा की तलाश करता रहा।
पहले वहां से तीन महिलाएं समूह में गुजरी थीं, इसलिए वह उनमें से किसी को भी निशाना नहीं बना पाया। बाद में छात्रा अकेली दिखाई देने पर उसने उसे जबरन झाड़ियों की ओर खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। एक घंटे की मशक्कत के बाद छात्रा ने साहस का परिचय देते हुए आरोपित के चंगुल से खुद को छुड़ाया और वहां से निर्वस्त्र भागकर अपनी जान बचाई थी। एक महिला ने छात्रा को देख उसके शरीर को ढककर घर पहुंचाया था।