16 माह बाद फिर गुलजार होगा अंबाला कैंट का ऑल वेदर स्वीमिंग पूल, खेल विभाग ने दी अनुमति
अंबाला कैंट का ऑल वेदर स्वीमिंग पूल 16 महीने के इंतजार के बाद 1 अगस्त से आमजन के लिए फिर से खुलेगा। खेल विभाग ने इसके संचालन की अनुमति जिला खेल विभाग ...और पढ़ें

HighLights
16 महीने बाद 1 अगस्त से खुलेगा अंबाला कैंट स्वीमिंग पूल
खेल विभाग ने जिला खेल विभाग को संचालन की अनुमति दी
तैराकों को निजी पूलों से कम फीस में मिलेगा अभ्यास का मौका
जागरण संवाददाता, अंबाला। करीब 16 महीने के इंतजार के बाद आखिरकार अंबाला कैंट के वार हीरोज़ मेमोरियल स्टेडियम स्थित आल वेदर स्वीमिंग पूल एक अगस्त से आमजन के लिए फिर से खुलने जा रहा है। लंबे समय तक यह फैसला अटका रहा कि पूल का संचालन मुख्यालय स्तर पर टेंडर के जरिए होगा या जिला खेल विभाग अपने स्तर पर इसे चलाएगा। कई बार निर्णय बदलने और प्रशासनिक उलझनों के बाद अब खेल विभाग के मुख्यालय ने जिला खेल विभाग को स्वयं संचालन की अनुमति दे दी है। पूल सुबह 6 से 10 बजे तथा शाम 3 से 8 बजे तक खुला रहेगा।
पूल खुलने से तैराकी सीखने और नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों व आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें निजी स्वीमिंग पूलों की अपेक्षाकृत अधिक फीस नहीं चुकानी पड़ेगी। शहजादपुर के बड़ागढ़ स्थित आधुनिक खेल परिसर का सीजनल स्वीमिंग पूल इस वर्ष भी आमजन के लिए शुरू नहीं होगा। इस मामले को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था।
टेंडर और अनुमति के फेर में अटका रहा मामला
मार्च 2025 में स्वीमिंग पूल का टेंडर समाप्त होने के बाद जिला खेल विभाग ने इसे स्थानीय स्तर पर संचालित करने का प्रस्ताव डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स काउंसिल को भेजा था। वहां से फाइल मुख्यालय भेज दी गई और स्थानीय स्तर पर संचालन की अनुमति मांगी गई। मामला कई महीनों तक लंबित रहा। तैराकों ने मंत्री अनिल विज के माध्यम से खेल मंत्री गौरव गौतम तक भी अपनी मांग पहुंचाई। आश्वासन मिले, लेकिन पूल शुरू नहीं हो सका। सितंबर 2025 में जिला खेल विभाग को कुछ समय के लिए संचालन की अनुमति मिली, लेकिन तब तक सीजन लगभग समाप्त हो चुका था।