Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अंबाला में लव मैरिज की रंजिश में घर में घुसकर दूल्हे की मां पर हमला, ईंट मारकर किया घायल

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 03:06 PM (GMT+05:30)

    प्रेम विवाह की रंजिश में अंबाला शहर के जोगीवाड़ा में दूल्हे की मां पर घर में घुसकर हमला किया गया। ...और पढ़ें

    अंबाला में लव मैरिज की रंजिश में घर में घुसकर दूल्हे की मां पर हमला (फाइल फोटो)

    अंबाला में लव मैरिज की रंजिश में घर में घुसकर दूल्हे की मां पर हमला (फाइल फोटो)


    HighLights

    1. प्रेम विवाह की रंजिश में दूल्हे की मां पर हमला।

    2. युवती के चाचा ने घर में घुसकर ईंट से मारा।

    3. अंबाला पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया।

    जागरण संवाददाता, अंबाला। प्रेम विवाह की रंजिश अब हिंसक हमले तक पहुंच गई। अंबाला शहर के जोगीवाड़ा में प्रेम विवाह करने वाले युवक की मां पर घर में घुसकर हमला करने और ईंट मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर युवती के चाचा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जोगीवाड़ा निवासी गीता ने बताया कि उसका बड़ा बेटा अजय सिंह ने 16 जुलाई को पंजाब के पटियाला जिले के असरपुर गांव निवासी हरप्रीत कौर से प्रेम विवाह किया था।

    24 जुलाई से शहर के सेफ हाउस में रह रहे थे दंपती

    विवाह के बाद दोनों ने अपनी सुरक्षा को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से भी संरक्षण मांगा था और 24 जुलाई से अंबाला शहर के सेफ हाउस में रह रहे हैं। शिकायत के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6.15 बजे हरप्रीत कौर का चाचा बलजीत सिंह उनके घर में घुस आया। आरोप है कि उसने प्रेम विवाह से समाज और रिश्तेदारी में बदनामी होने की बात कहते हुए पहले गीता को थप्पड़ मारे और फिर ईंट उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे बेटे गुरदीत सिंह ने किसी तरह अपनी मां को छुड़ाया।

    आरोपित जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घायल गीता को परिजन तत्काल नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका मेडिकल परीक्षण किया। मेडिकल रिपोर्ट में सिर पर चोट मिलने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने शिकायत को संज्ञेय अपराध मानते हुए कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि प्रेम विवाह को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।