हरियाणा के शहजादपुर में सोने की ईंटों का झांसा देकर 14.60 लाख की ठगी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
शहजादपुर पुलिस ने घर में सोने-चांदी की ईंटें दबी होने का झांसा देकर 14.60 लाख रुपये ठगने वाले मुख्य आरोपी अब्दुल वाजिद को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

हरियाणा के शहजादपुर में सोने की ईंटों का झांसा देकर 14.60 लाख की ठगी (फाइल फोटो)
HighLights
शहजादपुर पुलिस ने 14.60 लाख रुपये ठगने वाले आरोपी को पकड़ा
घर में सोने की ईंटें दबी होने का झांसा देकर ठगी
पुलिस महिला साथी और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी
जागरण संवाददाता, शहजादपुर। घर में सोने-चांदी की ईंटें दबी होने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 14 लाख 60 हजार रुपये हड़पने वाले मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है।
आरोपित की पहचान अब्दुल वाजिद निवासी डारपुर, थाना छछरौली, जिला यमुनानगर के रूप में हुई है।आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका रिमांड मिला है। इस मामले में पुलिस इस आरोपित की महिला साथी की तलाश कर रही है। अजय निवासी गांव पतरेहड़ी जिला अंबाला ने शिकायत दी थी कि 13 अगस्त 2025 से 23 अगस्त 2025 के बीच आरोपित अब्दुल वाजिद और उसके अन्य साथियों (जिसमें एक महिला भी शामिल है) ने एक सोची-समझी साजिश और पूरी प्लानिंग के तहत शिकायतकर्ता को विश्वास में लिया।
आरोपितों ने अजय को झांसा दिया कि उसके घर के अंदर सोने और चांदी की कीमती ईंटें दबी हुई हैं, जिन्हें वे विशेष उपाय से बाहर निकाल देंगे। इस गुप्त धन को निकालने और अपने जाल में फंसाकर आरोपितों ने शिकायतकर्ता से धोखे से कुल 14 लाख 60 हजार रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली और फरार हो गए।
पुलिस ने अपनी जांच शुरू की और मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपित को दबोच लिया। जांच अधिकारी एएसआइ नारायण सिंह ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपित से पूछताछ करेगी ताकि ठगी गई राशि को बरामद किया जा सके और इस पूरे षड्यंत्र में शामिल महिला व अन्य सह-आरोपितों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें भी जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।