Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Haryana: INLD प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या पर गुस्साया विपक्ष, अभय चौटाला ने CM और सरकार को बताया हत्या का जिम्मेदार

    Updated: Sun, 25 Feb 2024 11:34 PM (IST)

    हरियाणा में दिन दहाड़े कार सवार बदमाशों ने इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी समेत चार लोगों पर गोलीबारी कर दी। इस घटना में नफे सिंह राठी सहित दो लो ...और पढ़ें

    INLD प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या पर विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल (फाइल फोटो)।
    INLD प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या पर विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल (फाइल फोटो)।

    HighLights

    1. इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या पर विपक्ष ने सरकार पर बोला हमला
    2. अभय चौटाला ने सीएम और सरकार को बताया हत्या का जिम्मेदार
    3. विपक्ष ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को बताया फेल

    डिजिटल डेस्क, अंबाला। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या मामले में हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, नफे सिंह राठी की हत्या को लेकर प्रदेश के राजनेताओं की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। विपक्ष लगातार प्रदेश सरकार पर हमलावर हो रही है और प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

    हरियाणा में खत्म हो गई कानून व्यवस्था- आप प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता

    आप के हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता का कहना है कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था खत्म हो गई है... हमें झज्जर से सूचना मिली है। हरियाणा इनेलो अध्यक्ष नफे सिंह और उनके साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस राज्य में कोई भी सुरक्षित नहीं है। व्यापारियों से गोली मार-मारकर फिरौती मांगी जाती है। राजनेताओं को सड़कों पर गोली मार दी जाती है... क्या राज्य कानून का शासन कायम रखेगा, या मुख्यमंत्री चुनावी रैलियों में व्यस्त रहेंगे?

    सीएम, गृहमंत्री, डीजीपी से मांगी थी सुरक्षा- अभय सिंह चौटाला

    इनेलो नेता अभय चौटाला ने इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी हत्याकांड की सीबीआई से जांच करवाने की मांग की है। इसके साथ ही परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई है। अभय चौटाला ने कहा कि पूर्व विधायक नफे सिंह राठी को पुलिस सुरक्षा नहीं दी गई, उन्होंने कई बार पुलिस से सुरक्षा के लिए निवेदन किया था। वहीं, अभय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार को हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

    इनेलो के महासचिव अभय सिंह चौटाला ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक नफे सिंह जी हमारे बीच नहीं रहें। उन पर हुए कायराना हमले से पूरा इनेलो परिवार स्तब्ध है, नफे सिंह जी हमारी पार्टी ही नहीं हमारे परिवार का हिस्सा थे वो मेरे भाई समान थे।

    खबरें और भी

    ये भी पढ़ें: Haryana: केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक अनुसंधान संस्थान का PM Modi ने किया वर्चुअली लोकार्पण, जनता को मिलेगा सस्ता इलाज

    उन्होंने आगे लिखा कि नफे सिंह जी ने हाल ही में सीएम, गृहमंत्री, डीजीपी और कमिश्नर को खुद पर होने वाले हमले की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। उस समय तो सरकार ने राजनीति की और सुरक्षा नहीं दी। क्या सरकार इस में बराबर दोषी नहीं है? भगवान नफे सिंह जी की आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति दें।

    एसटीएफ कर रही मामले की जांच- विज

    हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि ये बेहद ही दुखद घटना है। नफे सिंह राठी मेरे साथ भी विधायक रहे हैं। मैंने अधिकारियों से इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने को कहा है। एसटीएफ भी हरकत में आ गई है...घटना की जांच की जा रही है।

    सीएम मनोहर लाल बोले- 'दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा'

    सीएम मनोहर लाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि INLD पार्टी के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष श्री नफ़े सिंह राठी जी और श्री जय किशन के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। शोकाकुल परिवारजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, इस कठिन समय में हम उनके साथ हैं।

    इस मामले में संलिप्त एक भी दोषी को बख़्शा नहीं जाएगा। पुलिस को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ़्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें।

    प्रदेश में कानून व्यवस्था का पिट चुका दिवाला- भूपेंद्र सिंह हुड्डा

    हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष श्री नफे सिंह राठी जी की गोली मार कर हत्या करने का समाचार बेहद दुखद है। यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। हमले में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।

    ये भी पढ़ें: Haryana News: इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी समेत दो लोगों की हत्या, कार सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम