Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मिशन-एडमिशन: बहादुरगढ़ के कॉलेजों में आज जारी होगी पहली मेरिट सूची, 27 तक जमा करनी होगी फीस

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 02:25 PM (IST)

    बहादुरगढ़ के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की पहली मेरिट सूची बुधवार को जारी होगी, जिसमें चयनित छात्रों को 27 जुलाई तक फीस जमा करानी होगी। ...और पढ़ें

    पीजी प्रथम वर्ष के लिए भी पंजीकरण शुरू

    पीजी प्रथम वर्ष के लिए भी पंजीकरण शुरू

    HighLights

    1. स्नातक प्रथम वर्ष की पहली मेरिट सूची आज जारी।

    2. चयनित छात्रों को 27 जुलाई तक फीस जमा करनी होगी।

    3. स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के लिए पंजीकरण भी शुरू।

    जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए प्रथम मेरिट सूची बुधवार को जारी कर दी जाएगी। इसमें शामिल विद्यार्थियों को 27 जुलाई तक फीस जमा करवानी होगी। दूसरी ओर उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

    वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. राजवंती शर्मा ने छात्राओं व अभिभावकों से समय रहते प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा पीजी प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

    महाविद्यालय में एमए अंग्रेजी में 30 सीटें, एमकॉम में 60 सीटें तथा एमएससी गणित में 40 सीटें उपलब्ध हैं। छात्राएं निर्धारित समयावधि में पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा विश्वविद्यालय और महाविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का नियमित रूप से अवलोकन करती रहें।

    महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए निश्शुल्क ऑनलाइन पंजीकरण सहायता केंद्र, विषय चयन परामर्श, दस्तावेज संबंधी मार्गदर्शन तथा प्रवेश हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। यूजी प्रथम वर्ष की प्रथम मेरिट सूची बुधवार को उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी कर दी जाएगी। इसमें चयनित छात्राओं के लिए प्रवेश शुल्क जमा करवाने की अवधि 23 से 27 जुलाई निर्धारित की गई है।

    खबरें और भी

    चयनित छात्राओं को निर्धारित तिथि के भीतर अपनी फीस जमा करवाकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। इसी क्रम में उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार यूजी द्वितीय व तृतीय वर्ष की प्रमोटेड छात्राओं के प्रवेश की प्रक्रिया भी जारी है।

    पात्र छात्राएं 24 जुलाई तक बिना विलंब शुल्क के अपनी प्रवेश फीस जमा करवा सकती हैं। इसके बाद विभागीय नियमों के अनुसार विलंब शुल्क देय होगा।

    महाविद्यालय की प्रवेश नोडल अधिकारी सुजाता वर्मा ने बताया कि पीजी कार्यक्रमों में प्रवेश लेने की इच्छुक छात्राएं अपने सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें तथा प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम सूचनाओं पर नियमित रूप से ध्यान दें। प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए छात्राएं महाविद्यालय प्रशासन से संपर्क कर सकती हैं।

    महाविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं व अभिभावकों से अपील की कि वे विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के आधिकारिक सूचना स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।