बहादुरगढ़ फुटवियर उद्योग को बड़ी राहत: ऑरेंज से व्हाइट श्रेणी में शामिल, स्थापना की स्वीकृति में मिलेगी छूट
बहादुरगढ़ के फुटवियर उद्योग को बड़ी राहत मिली है, अब बॉयलर रहित इकाइयों को CTE/CTO की आवश्यकता नहीं होगी। यह कदम नए उद्योगों की स्थापना को सरल बनाएगा, ...और पढ़ें

HighLights
फुटवियर उद्योग को ऑरेंज से व्हाइट श्रेणी में शामिल किया गया।
बॉयलर रहित इकाइयों को अब CTE/CTO की आवश्यकता नहीं होगी।
यह निर्णय नए उद्योगों की स्थापना को सरल बनाएगा।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। फुटवियर उद्योग के लिए सरकार से बड़ी राहत मिली है। बीसीसीआइ, फुटवियर पार्क एसोसिएशन व सीआईएफआई के प्रयासों के परिणामस्वरूप फुटवियर सहित अनेक उद्योगों को आरेंज श्रेणी से व्हाइट श्रेणी में शामिल कर दिया गया है। इस निर्णय से उन फुटवियर इकाइयों को प्रदूषण नियंत्रण विभाग की अनेक औपचारिकताओं से राहत मिलेगी, जिनमें बायलर स्थापित नहीं है।
नई व्यवस्था के अनुसार, जिन फुटवियर इकाइयों में बायलर स्थापित नहीं है, उन्हें अब स्थापना के लिए सहमति (सीटीई) तथा संचालन की सहमति (सीटीओ) प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसी इकाइयों को केवल प्रदूषण नियंत्रण विभाग को अपने उत्पादन की सूचना देना पर्याप्त होगा। हालांकि, जिन इकाइयों में बायलर स्थापित है, उनके लिए पूर्व की भांति स्थापना व संचालन की सहमति प्राप्त करना अनिवार्य रहेगा।
उद्योग संगठनों का कहना है कि इस निर्णय से नए उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल और सुगम होगी। साथ ही उद्योगों का समय, लागत तथा प्रशासनिक बोझ भी कम होगा। इससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह उपलब्धि बीसीसीआइ, फुटवियर पार्क एसोसिएशन व सीआइएफआइ के पिछले लगभग दो वर्षों से किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम रहा।
फुटवियर पार्क एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र छिकारा ने बताया कि इस विषय को लेकर विभिन्न स्तरों पर लगातार संवाद व प्रयास किए गए, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आए हैं। उद्योग संगठनों ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अधिकारी वाईपी मिश्रा के मार्गदर्शन व सहयोग के लिए उनका विशेष आभार व्यक्त किया।
खबरें और भी
उनका कहना है कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से ही यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सका। इस संबंध में राजपत्र अधिसूचना भी प्रकाशित हो चुकी है, जिसमें क्रम संख्या 87 पर फुटवियर उद्योग का उल्लेख किया गया है। उद्योग संगठनों ने इसे पूरे फुटवियर उद्योग के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सभी उद्यमियों को हार्दिक बधाई दी।