ऑटो ड्राइवरों को सख्त हिदायत: वर्दी पहनें, नियमों का पालन करें और यात्रियों से सम्मान से पेश आएं
बहादुरगढ़ पुलिस ने ऑटो चालकों के साथ बैठक कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित वर्दी पहनने और यात्रियों से सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के नि ...और पढ़ें

बहादुरगढ़ में ऑटो ड्राइवरों को समझाते ट्रैफिक एसएचओ सतीश कुमार। प्रवक्ता
HighLights
ऑटो चालकों को वर्दी पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश।
यात्रियों से सम्मानपूर्वक व्यवहार करने की सख्त हिदायत दी गई।
नियम उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी, तैयारी को समय।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व एवं डीसीपी क्राइम एवं यातायात शुभम सिंह के दिशा-निर्देशन में शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, अनुशासित और नागरिकों के अनुकूल बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यातायात प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने ऑटो ड्राइवरों के साथ बैठक कर उन्हें नियमों का सख्ती से पालन करने, निर्धारित वर्दी पहनने तथा यात्रियों के साथ शालीन व सम्मानजनक व्यवहार करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
यातायात प्रबंधक ने कहा कि ऑटो चालक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी कार्यशैली से आमजन में पुलिस व परिवहन व्यवस्था की छवि बनती है। इसलिए सभी ऑटो चालक निर्धारित यूनिफार्म पहनकर ही वाहन चलाएं, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करें।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि यात्रियों से विनम्रता और सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। किसी भी यात्री के साथ अभद्रता, अधिक किराया वसूलने, नियमों की अनदेखी करने अथवा लापरवाही से वाहन चलाने जैसी शिकायत मिलने पर संबंधित चालक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभारी ने ऑटो ड्राइवरों को वर्दी तैयार करवाने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कुछ समय दिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद बिना वर्दी वाहन चलाने वाले तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो ड्राइवरों के खिलाफ चालान सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने सभी से अपील की कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। जिम्मेदारी से वाहन चलाएं और पुलिस का सहयोग करें।