SIR: बहादुरगढ़ में वोटर लिस्ट से कट सकते हैं 40 हजार से ज्यादा नाम, 24 जुलाई तक प्रपत्र जमा करने का मौका
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची से 40 हजार से अधिक नाम हटाए जा सकते हैं। इनमें मृत, शिफ्ट हुए और गैरहाजिर ...और पढ़ें

HighLights
बहादुरगढ़ मतदाता सूची से 40 हजार से अधिक नाम हटेंगे
मृत, शिफ्ट और गैरहाजिर मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे
एसआइआर अभियान के तहत डिजिटाइजेशन 75% पूरा हुआ
बहादुरगढ़, जागरण संवाददाता। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में इस बार बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार पुरानी मतदाता सूची से 40 हजार से ज्यादा नाम कम हो सकते हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या ऐसे मतदाताओं की है, जिनका निधन हो चुका है या जो लंबे समय से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो गए हैं।
बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में ढाई लाख से अधिक मतदाता दर्ज हैं। यहां पर कुल 233 बूथ हैं। एसआईआर के तहत सभी मतदाताओं को प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। प्रपत्रों की वापसी के बाद उनका डिजिटाइजेशन कार्य तेज गति से चल रहा है, जो अब तक लगभग 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही है। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार मतदाता सूची में आठ हजार से अधिक ऐसे नाम हैं, जिनके संबंधित मतदाताओं का निधन हो चुका है। वहीं 40 हजार से अधिक नाम ऐसे लोगों के बताए जा रहे हैं, जो या तो दूसरे क्षेत्रों में शिफ्ट हो चुके हैं या लंबे समय से यहां निवास नहीं कर रहे हैं।
पांच हजार से ज्यादा लोगों ने आनलाइन प्रपत्र भरे हैं। इसके अलावा प्रपत्र जमा कराने वाले कुछ मतदाताओं के रिकार्ड की लिंकेज प्रक्रिया के दौरान भी यदि आवश्यक दस्तावेज या विवरण नहीं मिलते हैं तो ऐसे मामलों में भी नाम सूची से हट सकते हैं।
खबरें और भी
मतदाता सूची में बड़े स्तर पर होगा संशोधन
अधिकारियों का कहना है कि अंतिम स्थिति नई मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद ही स्पष्ट होगी। इसके बाद नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाए गए नामों पर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। फिलहाल यह तय माना जा रहा है कि इस बार मतदाता सूची में बड़े स्तर पर संशोधन देखने को मिलेगा।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे एसआईआर अभियान में पूरा सहयोग करें। प्रपत्र जमा करने की अवधि बढ़ाई जा चुकी है। जिन मतदाताओं ने अभी तक आवश्यक दस्तावेज और प्रपत्र जमा नहीं कराए हैं, वे निर्धारित समय के भीतर प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में बने रहें।
24 जुलाई तक बढ़ाई गई है अवधि
बहादुरगढ़ में शहर के मुकाबले गांवों में यह कार्य काफी हद तक हो चुका है। शहर में भी उन जगहों पर ज्यादा समस्या है, जहां पर कामगार तबका रहता है। अधिकारियों का कहना है कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह नियमानुसार चल रही है। सभी पात्र मतदाता समय पर प्रपत्र और आवश्यक दस्तावेज जमा कर अभियान में सहयोग करें। इसकी अवधि 24 जुलाई तक बढ़ाई गई है। पहले यह 14 जुलाई तक थी।