बहादुरगढ़ से हरिद्वार: बीआरजी साइक्लिस्टों ने 500 किमी की यात्रा पूरी कर रचा नया कीर्तिमान
बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) साइक्लिंग ग्रुप के सदस्यों ने फिटनेस, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए बहादुरगढ़ से हरिद्वार तक 500 किमी ...और पढ़ें

साहसी सफर, बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप का हरिद्वार अभियान सफल
HighLights
बहादुरगढ़ से हरिद्वार तक 500 किमी से अधिक की साइकिल यात्रा।
फिटनेस, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
साहस, अनुशासन और टीम भावना का अद्भुत प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) साइक्लिंग ग्रुप के साइक्लिस्टों ने साहस, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए बहादुरगढ़ से हरिद्वार तक 500 किमी की ज्यादा यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर कीर्तिमान बनाया।
यह अभियान 23 जुलाई की शाम बहादुरगढ़ से शुरू हुआ। सभी साइक्लिस्ट पूरे उत्साह के साथ निर्धारित मार्ग पर रवाना हुए और 25 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार बनाए रखते हुए लगातार पैडलिंग की।
कठिन मौसम, रातभर का सफर, लंबी दूरी और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद टीम ने करीब 16 घंटे में हरिद्वार पहुंचकर अपनी मंजिल हासिल की।
मां गंगा के दर्शन व आशीर्वाद के बाद वापसी की यात्रा शुरू की और शानदार तालमेल के साथ लगभग 15 घंटे में सफर पूरा करते हुए 26 जुलाई सुबह बहादुरगढ़ पहुंच गई।
क्या था यात्रा का मार्ग
यात्रा का मार्ग बहादुरगढ़ से भिवानी, गोहाना, पानीपत, शामली, मुजफ्फरनगर और रुड़की से हरिद्वार रहा। वापसी भी इसी रूट से की। अनेक स्थानों पर लोगों ने साइक्लिस्टों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
यात्रा में भिवानी साइक्लिंग कम्युनिटी (बीसीसी), पेडल पल्स दिल्ली (पीपीडी) तथा आरपीएस साइक्लिंग ग्रुप के साइक्लिस्ट भी साथ जुड़े।
अभियान में जैदेव राठी, नितिन अत्री, अमित कादियान, मुकेश कुमार, कुमार गौरव, अजमेर हुड्डा, दीपक ग्रेवाल, शिवम भारद्वाज, राज प्रकाश, अनुज गोस्वामी, जितेंद्र पाल, नरेश शर्मा, नरेंद्र कुमार, प्रशांत शर्मा, सुबोध दुहान, पवन कौशिक, अंकुर अग्रवाल सहित अन्य साइक्लिस्ट शामिल रहे।
बीआरजी के संस्थापक दीपक छिल्लर ने सभी साइक्लिस्टों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि बहादुरगढ़ से हरिद्वार तक की यह यात्रा केवल दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, टीमवर्क और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।