कामनवेल्थ गेम्स में भिवानी के बॉक्सर सचिन सिवाच का शानदार प्रदर्शन, इंग्लैंड को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
मुक्केबाज सचिन सिवाच जूनियर ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 60 किलो भार वर्ग में प्री-क्वार्टर फाइनल जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। ...और पढ़ें

सचिन सिवाच जूनियर ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
HighLights
सचिन सिवाच जूनियर ने प्री-क्वार्टर फाइनल में विलियम हेविट को हराया
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 60 किलो वर्ग में क्वार्टर फाइनल में प्रवेश
भिवानी और हरियाणा में खुशी, पदक की उम्मीदें बढ़ीं
जागरण संवाददाता, भिवानी। मुक्केबाज सचिन सिवाच जूनियर ने कामनवेल्थ गेम्स 2026 की पुरुष वर्ग में 60 किलो भार वर्ग में प्री-क्वार्टर फाइनल में मेजबान इंग्लैंड के विलियम हेविट को 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मुकाबले के दौरान एक अंक कटने के बावजूद सचिन जूनियर ने शानदार संयम और तकनीकी बाक्सिंग का प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की।
मुकाबले को दर्शक दीर्घा से देख रहे भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के महासचिव चौधरी प्रमोद कुमार युगल ने कहा कि सचिन सिवाच जूनियर ने दबाव के बावजूद धैर्य बनाए रखा और बेहतरीन रणनीति के साथ मुकाबले को नियंत्रित किया।
एक अंक कटने के बाद भी उन्होंने घबराहट नहीं दिखाई और शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। युगल ने विश्वास जताया कि यदि सचिन अगले मुकाबले में भी इसी आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ उतरते हैं तो वह भारत के लिए पदक जीतने की पूरी क्षमता रखते हैं।
ग्लासगो से खेल प्रेरक हरियाणा एवं अधिवक्ता राजनारायण पंघाल ने बताया कि सचिन जूनियर ने पिछले मुकाबले की अपेक्षा अधिक परिपक्व और नियंत्रित बाक्सिंग की। अब क्वार्टर फाइनल में उन्हें शुरुआत से ही आक्रामक होने के साथ-साथ अनावश्यक गलतियों से बचना होगा। वह अपनी लय बरकरार रखते हैं तो पदक जीतने की संभावना काफी मजबूत है।
सचिन सिवाच जूनियर की इस जीत से भिवानी सहित पूरे हरियाणा में खुशी की लहर है। अब सभी की निगाहें उनके क्वार्टर फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां जीत उन्हें कामनवेल्थ गेम्स 2026 का पदक दिला सकती है।