हरियाणा: भिवानी के वार्ड 24 और 27 में सात दिन से बिजली गुल, पार्षदों ने आंदोलन की चेतावनी दी
भिवानी के वार्ड 24 और 27 में सात दिनों से अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, जिससे बच्चे व बुजुर्ग परेशान हैं। ...और पढ़ें

HighLights
भिवानी के वार्ड 24, 27 में सात दिन से बिजली कटौती।
गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों को भारी परेशानी, जनजीवन अस्त-व्यस्त।
पार्षदों ने एक्सईन को मांगपत्र सौंपा, आंदोलन की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, भिवानी। भीषण गर्मी के बीच भिवानी शहर के वार्ड संख्या 24 और 27 में पिछले सात दिनों से लगातार अघोषित बिजली कटों और बार-बार ब्लैकआउट से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों ने वार्ड-27 के पार्षद गोविंद राम उर्फ बिल्लू बादशाह तथा वार्ड-24 के पार्षद प्रतिनिधि अंकित के नेतृत्व में बुधवार को बिजली विभाग के एक्सइन से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया और मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दिन में कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है, जबकि रात में भी लंबे कट लगाए जा रहे हैं।
गली बागलान, ढग्यान गली, नौघरान गली, मनान पाना, खेतान पाना और मुरारीलाल की गली में चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पार्षद गोविंद राम उर्फ बिल्लू बादशाह ने कहा कि लगातार बिजली कटों से लोग रातभर सो नहीं पा रहे हैं और भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों व कामकाजी लोगों की स्थिति बेहद खराब हो गई है। वहीं पार्षद प्रतिनिधि अंकित ने कहा कि विभाग की लापरवाही से लोगों का जीना मुहाल हो गया है और यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वार्ड 24 और 27 के लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
उन्होंने उग्र प्रदर्शन और बिजली विभाग के घेराव की चेतावनी भी दी। इस दौरान एक्सईन ने संबंधित जेई को तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश दिए। मौके पर प्रवीण पाराशर, टोन, शुभम, सीमा, रूकमेश, पारूल गौड, प्रवीण, तरूण, मुकेश, जितेंद्र, जोगेंद्र, मीना, सुमित, विवेक, प्रेम और शिवम उपस्थित रहे।