Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भिवानी नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, अब उसी दिन मिलेंगी अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे रिपोर्ट

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 12:45 PM (GMT+05:30)

    भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे जैसी जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है। ...और पढ़ें

    भिवानी नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार (फोटो: जागरण)

    भिवानी नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. अल्ट्रा सोनालोजिस्ट की तैनाती से जांच क्षमता में वृद्धि।

    2. नई डिजिटल एक्स-रे मशीन से प्रक्रिया तेज और सुविधाजनक।

    3. मरीजों को अब जांच के लिए नहीं करना पड़ता इंतजार।

    नवनीत शर्मा, भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों के लिए जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है। अब अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे जांच के लिए मरीजों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है।

    अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट के साथ डॉ. राज दिसोदिया अल्ट्रा सोनालोजिस्ट की तैनाती के बाद रोजाना 150 से अधिक अल्ट्रासाउंड और 250 से अधिक मरीजों के एक्स-रे किए जा रहे हैं। पहले जहां मरीजों को जांच के लिए एडवांस तारीख लेनी पड़ती थी, वहीं अब उन्हें उसी दिन जांच की सुविधा मिलने लगी है।

    नई डिजिटल एक्स-रे मशीन शुरू होने से जांच प्रक्रिया तेज, स्पष्ट और अधिक सुविधाजनक हुई है। इसका सीधा लाभ पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों को मिल रहा है।

    24 घंटे एक्स-रे सुविधा से मरीजों को राहत

    जिला नागरिक अस्पताल में एक्स-रे जांच की सुविधा अब 24 घंटे उपलब्ध करवाई जा रही है। आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को भी तुरंत जांच का लाभ मिल रहा है। वहीं अल्ट्रासाउंड जांच ओपीडी समय के दौरान की जा रही है। रेडियोलाजी विभाग में सुविधाएं बढ़ने से मरीजों की जांच रिपोर्ट जल्दी मिल रही है, जिससे डॉक्टरों को उपचार शुरू करने में भी आसानी हो रही है।

    स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से मरीजों को निजी लैब में जाकर महंगी जांच करवाने की जरूरत कम होगी। सरकारी अस्पताल में ही आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से मरीजों को कम खर्च में बेहतर सुविधा मिल रही है। डिजिटल एक्स-रे से जांच की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है।

    मरीजों ने कहा: समय पर जांच मिलने से बढ़ी सुविधा

    मरीज नरेश शर्मा, मनोज, भीष्म ने बताया कि पहले अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। अब अस्पताल में ही जल्द जांच हो रही है। इससे समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है।

    ये मिला लाभ:

    • - जांच के लिए लंबी तारीख का इंतजार नहीं करना पड़ रहा।
    • - एक ही दिन में जांच और डाक्टर की सलाह मिल रही है।
    • - निजी लैब में जाने का खर्च बच रहा है।
    • - आपात स्थिति में तुरंत एक्स-रे सुविधा मिल रही है।
    • - आधुनिक मशीनों से जांच रिपोर्ट अधिक स्पष्ट मिल रही है।


    प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलवान सिंह ने कहा कि जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब अल्ट्रा सोनालोजिस्ट की सेवाओं को मजबूत करने से मरीजों को समय पर जांच सुविधा मिल रही है। नई डिजिटल एक्स-रे मशीन और अतिरिक्त विशेषज्ञों की तैनाती से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

    खबरें और भी