हरियाणा के दूल्हा-दुल्हन की अनूठी पहल, फेरों से पहले जोड़े ने कराया SIR रजिस्ट्रेशन
चरखी दादरी में एक दूल्हा-दुल्हन ने फेरों से पहले एसआईआर डिजिटल पंजीकरण कराकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। ...और पढ़ें
-1783611139060_m.webp)
हरियाणा में फेरों से पहले दूल्हा-दुल्हन ने कराया एसआईआर डिजिटल पंजीकरण।
HighLights
फेरों से पहले दूल्हा-दुल्हन ने कराया एसआईआर पंजीकरण
मतदाता जागरूकता के लिए समाज में दिया सकारात्मक संदेश
उपायुक्त के मार्गदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता की सराहनीय पहल
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले में निर्वाचन चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता संजय रामफल ने एक सराहनीय पहल की।
उपायुक्त मनदीप कौर के मार्गदर्शन में विवाह समारोह के दौरान फेरे शुरू होने से पहले दूल्हा-दुल्हन ने सभी स्वजनों और मेहमानों की उपस्थिति में अपना एसआईआर डिजिटल पंजीकरण कराया। उन्होंने लोगों को भी मतदाता सूची से संबंधित कार्य समय पर पूरा कराने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर दूल्हा धीरज व दुल्हन अंतिमा ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार और जिम्मेदारी है। यदि विवाह जैसे शुभ अवसर पर भी लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाए, तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
उन्होंने सभी युवाओं से अपील की कि वे निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में भाग लें और अपना पंजीकरण समय पर अवश्य करवाएं। दादरी नगर के वार्ड 14 निवासी धीरज के पिता सत्यवीर सिंह, माता सुनीता देवी ने कहा कि उनके पुत्र के विवाह समारोह से लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश दिया है।
प्रत्येक परिवार को ऐसे सामाजिक कार्यों में सहयोग करना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक बन सकें। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए निर्वाचन आयोग के अभियान में सहयोग देने तथा अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी मतदाता जागरूकता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।