भिवानी के चरखी दादरी में दर्दनाक हादसा, ऑयल मिल में ट्रक से कुचलकर मजदूर ने तोड़ा दम
चरखी दादरी के सांवड़ गांव स्थित एक आयल मिल में ट्रक की चपेट में आने से एक प्रवासी श्रमिक रामकुमार की मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1785917547388_m.webp)
ऑयल मिल में ट्रक से कुचलकर मजदूर ने तोड़ा दम (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। गांव सांवड़ स्थित एक आयल मिल परिसर में ट्रक के नीचे आने से प्रवासी श्रमिक की मौत हो गई। मृतक रामकुमार (42) उत्तर-प्रदेश के हरदोई जिले के गांव अनंगपुर गांव का रहने वाला था। बौंदकलां थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दादरी सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। वीरवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार, रामकुमार करीब 11 माह पहले ही सांवड़ स्थित सरसों मिल में काम करने के लिए आया था। बुधवार सुबह करीब सात बजे मिल परिसर में ट्रक का टायर उसके ऊपर से गुजर गया।
वहीं, ऑयल मिल में कार्यरत अन्य श्रमिकों ने बताया कि रामकुमार शराब पीने का आदी था और मंगलवार रात को शराब पीने के बाद वो बाहर ही बोरी ओढ़कर सो गया। इसके चलते ट्रक चालक को वह नजर नहीं आया और उसने बोरी समझकर ट्रक आगे बढ़ा दिया।
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही बौंदकलां थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। साथ ही पुलिस ने उत्तर-प्रदेश में रहने वाले उसके स्वजनों को सूचित किया और उन्होंने बुधवार शाम करीब छह बजे तक दादरी पहुंचने की बात कही। इसके बाद पुलिस शव को सिविल अस्पताल ले आई और वहां मोर्चरी कक्ष में शव रखवा दिया।
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक रामकुमार की पत्नी ममता बच्चों के साथ बहादुरगढ़ रहती है। सूचना मिलने के बाद ममता भी बुधवार सुबह दादरी सिविल अस्पताल पहुंच गई। ममता ने बताया कि उनके पांच बच्चे हैं और इस हादसे में बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। ममता ने बताया कि उसका पति रामकुमार गत अक्टूबर माह में ही सांवड़ स्थित आयल मिल में काम करने आया था।
एएसआइ एवं जांच अधिकारी ओमबीर सिंह ने कहा कि सांवड़ स्थित ऑयल मिल में हुए हादसे में प्रवासी श्रमिक की मौत हुई है। शव को दादरी सिविल अस्पताल के मोर्चरी कक्ष में रखवा दिया है और मृतक के स्वजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। वीरवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।