हरियाणा: भिवानी की प्रगति ने UGC Net परीक्षा में लहराया परचम, ऑल इंडिया 12वीं रैंक के साथ हासिल की JRF
भिवानी की प्रगति श्योराण ने यूजीसी नेट परीक्षा में बिजनेस मैनेजमेंट विषय में ऑल इंडिया 12वीं रैंक हासिल कर जेआरएफ और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्रता प्राप्त की है।
-1788593188473_m.webp)
भिवानी की प्रगति श्योराण ने यूजीसी नेट परीक्षा में पाई ऑल इंडिया 12वीं रैंक।
HighLights
प्रगति श्योराण ने यूजीसी नेट में ऑल इंडिया 12वीं रैंक हासिल की
बिजनेस मैनेजमेंट विषय में 99.95 परसेंटाइल स्कोर प्राप्त किया
जेआरएफ और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्र हुईं
जागरण संवाददाता, भिवानी। गांव जेवली निवासी हेड कांस्टेबल सत्येंद्र सिंह की बेटी प्रगति श्योराण ने अपनी प्रतिभा के दम पर यूजीसी नेट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। प्रगति ने बिजनेस मैनेजमेंट विषय में 300 में से 226 अंक हासिल किए। प्रगति का परसेंटाइल स्कोर 99.95 है और उन्होंने आल इंडिया 12वीं रैंक पाई है।
इसके साथ ही उन्होंने जूनियर रिसर्च फेलोशिप जेआरएफ एवं असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्रता प्राप्त की है। प्रगति की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी है।
प्रगति श्योराण ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और निरंतर प्रेरणा को देते हुए बताया कि उनके दादा धर्मवीर सिंह नंबरदार बचपन से ही उन्हें पढ़ाई में बेहतर करने और जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित करते थे।
उनके द्वारा दी गई सीख और प्रोत्साहन हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा। प्रगति की दादी गिंदो देवी, पिता हेड कांस्टेबल सत्येंद्र सिंह और माता सुमन देवी ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रगति शुरू से ही पढ़ाई के प्रति लगनशील रही है।
उसने लगातार मेहनत करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता हासिल करने के बाद प्रगति श्योराण का लक्ष्य बिजनेस मैनेजमेंट में पीएचडी कर शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा के युवाओं के लिए जरूरी खबर! भिवानी में 2 से 15 सितंबर तक होगी अग्निवीर भर्ती रैली
