Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कर्ज ने बनाया 'विलेन'! फरीदाबाद में ATM काटकर लाखों उड़ाने वाला मास्टरमाइंड निकला दिल्ली पुलिस का ही जवान

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 05:36 PM (IST)

    फरीदाबाद में एटीएम काटकर लाखों रुपये चोरी करने के मामले में दिल्ली पुलिस का एक सिपाही मास्टरमाइंड निकला। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. दिल्ली पुलिस का सिपाही एटीएम चोरी का मास्टरमाइंड।

    2. कर्ज चुकाने के लिए सिपाही ने की चोरी।

    3. फरीदाबाद में दो हिताची एटीएम से लाखों की चोरी।

    जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। भूपानी और सेक्टर-58 में हिताची कंपनी का एटीएम काटकर रुपये चोरी करने के मामले में दिल्ली पुलिस का सिपाही मास्टरमाइंड निकला। क्राइम ब्रांच ने सिपाही सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

    आरोपितों की पहचान गांव अटाली निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही हुकम सिंह, उसके भतीजे अरविंद, गांव सिसई उतर टोला कोठी, जिला सिवान बिहार निवासी विकास कुमार, अभिषेक कुमार और विशाल कुमार के रूप में हुई है।

    तीन जुलाई की रात भूपानी में एटीएम काटकर 6.53 लाख रुपये चोरी हुए थे। इसके बाद 26 जुलाई की रात सेक्टर-58 से एटीएम काटकर 5.71 लाख रुपये की चोरी हुई। इस मामले में एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के बाद पुलिस आरोपितों तक पहुंची।

    सिपाही पर हो गया था कर्जा

    एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि दिल्ली पुलिस के सिपाही हुकम सिंह पर कर्जा हो गया था। यह कर्जा उतारने के लिए वह कोई बड़ा हाथ मारना चाहता था। इसके लिए उसे एटीएम में चोरी करना सबसे आसान काम लगा।

    गांव में उसकी मुलाकात वेल्डिंग की दुकान करने वाले विकास से हुई। उसने बताया कि गैस कटर से एटीएम काटकर अच्छा खासा रुपया बनाया जा सकता है। शुरू में विकास इसके लिए तैयार नहीं था, तब हुकम सिंह ने उसे अपना दिल्ली पुलिस का आइकार्ड दिखाया और कहा कि इस मामले में कुछ नहीं होता।

    विकास तैयार हो गया, उसने अपने साथ अपने ही गांव के राजू को भी मिलाया। इसके अलावा हुकम सिंह ने अपने भतीजे अरविंद को भी रुपयों का लालच देकर तैयार कर लिया।

    विकास, राजू और अरविंद ने भूपानी में हिताची कंपनी का एटीएम काटकर रुपये निकाल लिए। इसके बाद विकास और राजू ने हुकम सिंह से संपर्क तोड़ लिया, उसे रुपये भी नहीं दिए। इसी बीच राजू को बिहार में किसी मामले में पकड़ लिया गया।

    खबरें और भी

    विकास ने अपने गांव के अभिषेक और विशाल को बुलाकर एक और एटीएम काटने की साजिश रची। तीनों ने हुकम सिंह को बताए बिना सेक्टर-58 में एटीएम काट लिया और रुपये लेकर फरार हो गए।

    कुछ दिन के अंतराल पर एटीएम काटने की दो वारदात होने से पुलिस के कान खड़े हो गए। पुलिस आयुक्त ने क्राइम ब्रांचों को चोरों के पीछे दौड़ा दिया।

    दिल्ली में पीसीआर पर तैनात है हुकम सिंह

    हुकम सिंह साल 2016 में दिल्ली पुलिस में चयनित हुआ था। इस समय उसकी ड्यूटी बिजवासन में पीसीआर पर है। पुलिस के अनुसार उसे मालूम था कि हिताची कंपनी के एटीएम में रात के समय गार्ड नहीं होता और सिक्योरिटी प्रणाली भी ज्यादा मजबूत नहीं है। इसलिए उसने हिताची के एटीएम टारगेट किए।