फरीदाबाद में फरिश्ता बनकर आया बाइक सवार, शीशा तोड़ जलती कार से बचाई युवक की जान
फरीदाबाद में एक टैक्सी चालक को नींद की झपकी आने से उसकी कार खंभे से टकराकर आग की चपेट में आ गई। बाइक सवार की मदद से चालक को समय रहते बाहर निकाला गया, जिससे उसकी जान बच गई, हालांकि कार पूरी तरह जल गई।

फरीदाबाद में नींद की झपकी आने के बाद कार खंभे से टकराई, जिसके बाद आग लग गई।
HighLights
चालक को नींद की झपकी से हुआ हादसा।
कार खंभे से टकराकर आग की चपेट में आई।
बाइक सवार ने जान बचाई, कार पूरी तरह जली।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। कभी-कभी जिंदगी और मौत के बीच सिर्फ चंद सेकंड का फासला होता है और उसी पल किसी अनजान का साहस किसी के लिए नई जिंदगी बन जाता है। सोमवार अलसुबह फरीदाबाद के अशोका एनक्लेव निवासी टैक्सी चालक विपिन के साथ भी ऐसा ही हुआ।
दिल्ली से सवारी छोड़कर घर लौट रहे विपिन की कार सेक्टर-35 के पास झपकी आने से बिजली पोल से टकरा गई। हादसे के बाद दरवाजा लाक हो गया और कार में आग लग गई। लपटों के बीच फंसे विपिन की जिंदगी खतरे में थी। तभी वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार फरिश्ता बनकर पहुंचा और कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाल लिया।
दमकल के पहुंचने से पहले ही पूरी कार जल चुकी थी। कार चालक विपिन ने बताया कि सोमवार अलसुबह उन्होंने दिल्ली से सेक्टर-35 के लिए सवारी बुक की थी। सवारी को छोड़कर वह अपने घर अशोका एनक्लेव लौट रहे थे।
रात को ठीक से नींद पूरी नहीं होने के कारण सेक्टर-35 से सराय ख्वाजा जाने वाले मोड़ पर उन्हें झपकी आ गई और कार बिजली पोल से टकरा गई। टक्कर लगते ही कार के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा।
अंदर तार में स्पार्किंग हुई और कुछ ही मिनटों में कार के अगले हिस्से में आग फैल गई। वे अंदर ही फंस गए, तभी वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन वह बाइक सवार अपना बिना नाम, पता बताए चला गया।
