फरीदाबाद में अतिक्रमण का जाल: साइकिल ट्रैक-फुटपाथ पर कब्जा, सड़क पर चलने को मजबूर लोग
फरीदाबाद में लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए साइकिल ट्रैक और फुटपाथ अतिक्रमण की चपेट में हैं। रेहड़ी-पटरी वालों, होटल मालिकों और वाहनों की अवैध पार्किंग स ...और पढ़ें

सेक्टर-12 स्थित कोर्ट रोड के साइकिल ट्रैक पर झुग्गीवासियों का है कब्जा। जागरण
HighLights
साइकिल ट्रैक और फुटपाथ पर भारी अतिक्रमण।
पैदल यात्री और साइकिल सवार सड़कों पर मजबूर।
अधिकारियों की लापरवाही से समस्या गंभीर हुई।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। साइकिल सवार और पैदल जाने वालों की सुविधा के लिए साइकिल ट्रैक व फुटपाथ तो बना दिए लेकिन इन पर कब्जा हो गया है। इसलिए साइकिल सवार व पैदल सड़कों पर चल रहे हैं।
इसलिए उन्हें हर पल खतरा रहता है। सवाल यह है कि लाखों रुपये खर्च क्यों किए गए हैं। संबंधित प्राधिकरण के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
यहां बना है फुटपाथ व साइकिल ट्रैक
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को दिल्ली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए चार लेन सड़कें तो बन गई हैं लेकिन इनके फुटपाथ व साइकिल ट्रैक अब पैदल व साइकिल सवार के काम के नहीं रह गए हैं। सभी जगह अतिक्रमण हो गया है।

यहां तक कि फुटपाथ व साइकिल ट्रैक पर वाहनों की पार्किंग होने लगी है, जिस पर ठेकेदार वसूली कर रहा है। रेहड़ी से लेकर होटल वालों ने भी कब्जा कर लिया है। बेचारे पैदल व साइकिल चलाने वाले सड़क पर ही चलने को मजबूर हैं।
महत्वपूर्ण बात यह है कि कि लघु सचिवालय, जहां तमाम छोटे-बड़े प्रशासनिक अधिकारी बैठते हैं, इसी रास्ते से आवागमन करते हैं, उन्हीं के सामने खूब अतिक्रमण हो रहा है। इस से स्पष्ट है कि जिम्मेदार अधिकारी ही आंखें मूंदे हुए हैं, तभी कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
पार्किंग कराकर हो रही वसूली
कोर्ट रोड 11.35 करोड़ की लागत से बनी है। इसमें साइकिल ट्रैक भी शामिल है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क के दोनों ओर फुटपाथ भी है। साइकिल ट्रैक व फुटपाथ पर लघु सचिवालय और कोर्ट के सामने ठेकेदार वाहन खड़े कराकर वसूली करता है। क्योंकि उसने लघु सचिवालय के चारों ओर का ठेका प्रशासन से लिया हुआ है। इसलिए प्रशासनिक अधिकारी भी कुछ नहीं कह पा रहे हैं।
खबरें और भी

लेकिन इस ठेके में साइकिल ट्रैक व फुटपाथ शामिल नहीं है। इसी रोड पर राजमार्ग की ओर होटल व अन्य दुकानदारों ने ट्रैक व फुटपाथ पर मेज-कुर्सियां लगा रखी हैं। पुरानी गाड़ियां बेचने के लिए खड़ी की हुई हैं।
झुग्गी वाले तो ट्रैक पर ही खाना-पीना करते हैं और सोते भी हैं। ऐसा ही हाल सेक्टर-15-16 की डिवाइडिंग सड़क के फुटपाथ व साइकिल ट्रैक का है। इस सड़क को बनाने में 13.25 करोड़ की लागत आई है।
ये भी हैं कमियां
- साइकिल ट्रैक सड़क के बीचों-बीच से गुजर रहा है।
- ट्रैक के बीच में पेड़ आ रहे हैं।
- कहीं बिजली के खंभे व तार आ रही हैं।
यह भी पढ़ें- अतिक्रमण और MCD की लापरवाही से खिचड़ीपुर मेन रोड बेहाल, फुटपाथ पर है कब्जा; जाम से लोग परेशान
कई बार अतिक्रमण का सफाया किया गया है। लोग फिर से कब्जा कर लेते हैं। एक बार फिर अभियान चलाकर सफाया किया जाएगा।
विकास ढांडा, संपदा अधिकारी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण