विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में नकली प्रोपिलीन ग्लाइकोल रैकेट का पर्दाफाश, कफ सिरप में इस्तेमाल होने से जान को खतरा

Published: Thu, 30 Jul 2026 02:32 AM (IST)

फरीदाबाद में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कफ सिरप में नकली प्रोपिलीन ग्लाइकोल के इस्तेमाल का भंडाफोड़ किया है। ...और पढ़ें

खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने फार्मास्युटिकल-ग्रेड के नकली रसायनों के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने फार्मास्युटिकल-ग्रेड के नकली रसायनों के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया।

HighLights

  1. फरीदाबाद में नकली प्रोपिलीन ग्लाइकोल रैकेट का भंडाफोड़।

  2. कफ सिरप में इस्तेमाल होने वाला रसायन नकली पाया गया।

  3. 24 लाख का सामान जब्त, फर्म प्रबंधक गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। कफ सिरप में नकली प्रोपिलीन ग्लाइकोल का हो रहा इस्तेमाल हो रहा है। जिले में छापेमारी के दौरान इस तरह का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने जिले में फार्मास्युटिकल-ग्रेड के नकली रसायनों के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है।

अधिकारियों की मानें तो जब्त की गई खेप यदि तय सीमा से अधिक दूषित पाई जाती है, तो यह जानलेवा साबित हो सकती है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. सुमिता मिश्रा ने बताया कि प्रोपिलीन ग्लाइकोल का उपयोग कफ सिरप और अन्य कई दवाओं के निर्माण में बड़े पैमाने परकिया जाता है, जिसके कारण मरीजों की सुरक्षा के लिए इसकी गुणवत्ता और शुद्धता बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्रवाई राज्य के औषधि नियंत्रक रिपन मेहता के नेतृत्व में की गई

डॉ. मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य के औषधि नियंत्रक रिपन मेहता के नेतृत्व में की गई। नकली व मिलावटी दवाओं के निर्माण, वितरण और बिक्री के खिलाफ विभाग की जीरो टालरेंस नीति के तहत की गई है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि किसी स्थापित निर्माता के ब्रांड के नाम का उपयोग करके फार्मास्युटिकल-ग्रेड प्रोपिलीन ग्लाइकोल की कथित रूप से री-पैकेजिंग और जालसाजी का यह पहला मामला है।

उन्होंने कहा कि प्रोपिलीन ग्लाइकोल में डाईएथिलीन ग्लाइकोल या एथिलीन ग्लाइकोल की मिलावट पिछले महीनों में मध्य प्रदेश और राजस्थान में हुई मौतों से जुड़ी रही है।

इस जिले में नामी ब्रांड के तहत नकली प्रोपिलीन ग्लाइकोल बेचे जाने की एक शिकायत आई थी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए जिले की एफ़डीए के अधिकारियों की टीम ने सेक्टर-69, आइएमटी स्थित कोकना एशिया इंग्रेडिएंट्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर पर छापेमारी की। जांच में री-पैकेजिंग की गड़बड़ी सामने आई।

औद्योगिक श्रेणी के प्रोपिलीन ग्लाइकोल को मनाली पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड के लेबल और मार्किंग वाले ड्रमों में भरकर, नामी निर्माता के असली उत्पाद के रूप में बेचा जा रहा था।

प्रयोगशाला विश्लेषण के लिए एक नमूना लिया गया

टीम ने प्रोपिलीन ग्लाइकोल के 42 ड्रम, चीन निर्मित इंडस्ट्रियल-ग्रेड प्रोपिलीन ग्लाइकोल के खाली ड्रम, एक ट्रांसफर पंप, सीलिंग कवर और सीलिंग वायर जब्त किए हैं। प्रयोगशाला विश्लेषण के लिए एक नमूना लिया गया है। जब्त किए गए सामान की कीमत 24 लाख रुपये से अधिक है। फर्म के मैनेजर को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम) के प्रविधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सक्षम अदालत में पेश किया गया है।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ HVPNL का अधिकारी, 30 हजार रुपये लेते ही विजिलेंस ने दबोचा