फरीदाबाद में सपेरे के घर से 8 सांप बरामद, 7 इंडियन कोबरा शामिल; न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
वन्यजीव विभाग ने फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र से एक सपेरे बंसी नाथ को अवैध रूप से सांप रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके घर से एक रैट स्नेक और ...और पढ़ें
HighLights
फरीदाबाद में वन्यजीव विभाग ने सपेरे को किया गिरफ्तार।
आरोपी के घर से आठ सांप हुए बरामद, सात कोबरा।
अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र में वन्यजीव विभाग की टीम ने अवैध रूप से सांप पकड़कर रखने के आरोप में एक सपेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान बंसी नाथ के रूप में हुई है। आरोपित को सोमवार को फरीदाबाद जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 19 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
वन्यजीव विभाग को सूचना मिली थी कि पल्ला क्षेत्र में रहने वाला बंसी नाथ कई प्रजातियों के सांपों को कथित तौर पर अवैध रूप से पकड़कर अपने पास रखता है और उनके जरिए व्यापार करता है। सूचना के आधार पर वन्यजीव इंस्पेक्टर राकेश कुमार अपनी टीम के साथ आरोपित के घर पहुंचे और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान टीम को आरोपित के कब्जे से एक रैट स्नेक और सात इंडियन कोबरा, कुल आठ सांप मिले। वन्यजीव टीम ने सभी सांपों को अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जिला अदालत में आरोपित की ओर से पैरवी कर रहे एडवोकेट संजय गुप्ता ने कहा कि वन्यजीवों को अवैध रूप से पकड़कर उनका व्यापार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे मामलों से वन्यजीवों के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है और वन्यजीव संरक्षण के लिए इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक जरूरी है।
वन्यजीव इंस्पेक्टर राकेश कुमार के अनुसार, आरोपित के पास सांपों को अवैध रूप से रखने और उनके जरिए व्यापार किए जाने की जानकारी सामने आई थी। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर आठ सांप बरामद किए गए और आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
