विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले बचाने का किया ढोंग फिर मां और उसके प्रेमी के साथ रची साजिश, सौतेले पिता की हत्या के आरोप में बेटी गिरफ्तार

Published: Tue, 27 Oct 2026 05:23 PM (IST)

फरीदाबाद के गोपाल हत्याकांड में नया अपडेट आया है। पिता को मरवाने के आरोप में पुलिस ने मृतक की सौतेली बेटी शालिनी को गिरफ्तार कर लिया है।

गोपाल हत्याकांड में सौतेली बेटी गिरफ्तार, जागरण

गोपाल हत्याकांड में सौतेली बेटी गिरफ्तार, जागरण

HighLights

  1. सौतेली बेटी शालिनी गोपाल हत्याकांड में गिरफ्तार।

  2. शालिनी को मां-प्रेमी की साजिश की थी जानकारी।

  3. 10 अक्टूबर को भी गोपाल की हत्या का प्रयास।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र में 14 अक्टूबर की रात हुए गोपाल हत्याकांड में पुलिस ने उसकी सौतेली बेटी शालिनी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि गोपाल की पत्नी काजल और उसका प्रेमी याेगेंद्र मिलकर गोपाल की हत्या की साजिश रच रहे हैं, यह बात शालिनी को मालूम थी। इसके बावजूद उसने न तो पुलिस को सूचना दी, न ही गोपाल को इस बारे में कुछ बताया।

पहले हमले में बच गई जान

10 अक्टूबर को भी गोपाल की हत्या की साजिश हुई थी। इसके तहत योगेंद्र गोपाल को खाटूश्याम घुमाने के बहाने ले गया था। जेवर ले जाकर उसके साथ मारपीट की और गमछे से उसका गला कस दिया। उसे मरा समझकर खेतों में फेंककर वापस आ गया।

शालिनी को पता था पूरा प्लान

होश आने पर स्थानीय लोगों की मदद से गोपाल ने पत्नी को फोन किया। तब शालिनी ही गोपाल को जेवर से लेकर आई थी। तब भी शालिनी को सारी बात मालूम थी, मगर वह चुप रही। साजिश के तहत वह गोपाल को पुलिस के पास ले जाने के बजाय फरीदाबाद श्याम कॉलोनी अपने रिश्तेदार के घर ले गई।

दो दिन बाद उसकी मां काजल वहां पहुंच गई। पीछे से योगेंद्र भी पहुंच गया। 14 अक्टूबर की रात दोनों ने गोपाल की गर्दन पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या से पहले काजल ने शालिनी को सोनीपत में किसी जगह भेज दिया था। काजल और योगेंद्र को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

तीन साल पहले बढ़ी थीं नजदीकियां

स्वजन के मुताबिक, हाथरस के कुंवरपुर निवासी गोपाल करीब 20 साल से फरीदाबाद की कपड़ा फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर था। करीब 16 साल पहले उसने काजल से कोर्ट मैरिज की थी।

काजल की पहली शादी से बेटी शालिनी थी। गोपाल और काजल के तीन बच्चे भी हैं। आरोप है कि करीब तीन साल पहले गोपाल के दोस्त योगेंद्र की काजल से नजदीकियां बढ़ीं।

काजल ने स्वीकारा अपना जुर्म

परिवार को रिश्ते की जानकारी करीब एक साल पहले हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद भी हुआ। पुलिस के अनुसार, काजल ने शुरुआत में घर में बदमाशों के घुसने और गोपाल से मारपीट की कहानी बताई थी, लेकिन पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 40 मिनट तक अंधेरा, कामकाज ठप

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद: सेक्टर-23 की सड़क होगी डबल लेन, जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।